सरसों की कटाई के लिए जा रहे थे मजदूर, गोताखोर कर रहे तलाश बक्सर खबर। सिमरी प्रखंड के लालसिंह डेरा गांव स्थित गंगा नदी के कोल में मंगलवार की सुबह एक बड़ा हादसा हो गया, मजदूरों से भरी एक डेंगी अचानक पलट गई। नाव पर सवार नौ मजदूरों को स्थानीय लोगों की सूझबूझ और तत्परता से सुरक्षित बचा लिया गया, लेकिन एक 10 वर्षीय बच्ची के डूबने की आशंका जताई जा रही है। लापता बच्ची की पहचान नवरंग डेरा निवासी नेहा कुमारी के रूप में की गई है। मिली जानकारी के अनुसार, नवरंग डेरा के सभी खेतीहर मजदूर नाव से गंगा नदी के कोल के दूसरे छोर पर सरसों की फसल काटने जा रहे थे।
इसी दौरान बीच धारा में नाव असंतुलित होकर पानी में डूबने लगी, जिससे उसमें सवार सभी लोग पानी में गिर गए। घटना को देख पास के खेतों में काम कर रहे किसानों ने तुरंत साहस का परिचय देते हुए नदी में छलांग लगा दी और एक-एक कर नौ मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, इस अफरातफरी में एक बच्ची लापता हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंच गया है। वहीं, गोताखोरों की मदद से गंगा नदी के कोल में बच्ची की तलाश जारी है। प्रशासन द्वारा हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन समाचार लिखे जाने तक बच्ची का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।






























































































