थर्मल पावर प्लांट में काम को लेकर पुराना विवाद गहराया, पुलिस की छापेमारी जारी बक्सर खबर। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बनारपुर गांव में मंगलवार दोपहर ठेकेदारी वर्चस्व को लेकर हुई फायरिंग की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि करीब 4-5 गाड़ियों में सवार होकर पहुंचे हथियारबंद लोगों ने अचानक गोलीबारी शुरू कर दी, जिससे गांव में अफरातफरी का माहौल बन गया। घटना दोपहर लगभग 12 बजे की बताई जा रही है। अचानक गोलियों की आवाज सुनते ही ग्रामीणों में भय व्याप्त हो गया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल कायम है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जलहरा गांव का एक युवक बनारपुर निवासी मनोरंजन पांडेय के साथ मिलकर थर्मल पावर प्लांट में ठेकेदारी का काम कर रहा था। राजद नेता अर्जुन यादव हत्याकांड में नाम आने पर मनोरंजन पांडेय के जेल जाने के बाद ठेकेदारी में वर्चस्व को लेकर विवाद गहराने लगा।
बताया जा रहा है कि इसी बीच आनंद राय ठेकेदारी पर अपना कब्जा जमाने की कोशिश कर रहा था। हाल ही में एक हत्यारोपी के जमानत पर बाहर आने के बाद विवाद और बढ़ गया। घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। मुफस्सिल थानाध्यक्ष शंभू भगत ने बताया कि गोलीबारी की घटना सामने आई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।






























































































