-कृष्णाब्रह्म थाना के लेवाड़ गांव के समीप एनएच पर हुआ वाकया
बक्सर खबर। कृष्णाब्रह्म थाना के लेवाड़ गांव के समीप सोमवार की देर रात सड़क दुर्घटना में महिला की मौत हो गई। घटना की जानकारी मंगलवार की सुबह लोगों ने स्थानीय पुलिस को दी। मौके पर पहुंची टीम ने शव को कब्जे में लिया। आस-पास के लोगों से पूछताछ हुई तो पता चला यह महिला अज्ञात है। पिछले तीन-चार दिन से यह इस इलाके में लावारिस की तरह घूम रही थी। इससे यह अनुमान लगाया गया कि महिला विक्षिप्त होकर इस इलाके में आई होगी।
उसकी उम्र लगभग 40 वर्ष के आस-पास है। पुलिस ने पूछने पर बताया बक्सर-आरा एनएच पर बक्सर की तरफ जाने वाली लेन में इसका शव मिला। रात के वक्त किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गई होगी। अभी तक यह अनुमान लगाया जा रहा है। कागजी औपचारिकता पूरी करने के बाद शव को अंत्यपरीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। पहचान नहीं होने की स्थिति में वहीं अगले 48 घंटे तक शव को सुरक्षित रखा जाएगा।






























































































