बुनियादी ढांचे, नागरिक सुविधाओं और सामाजिक योजनाओं पर फोकस बक्सर खबर। चौसा नगर पंचायत कार्यालय में सोमवार को आयोजित बोर्ड की बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए करीब 79.44 करोड़ रुपये का महत्वाकांक्षी बजट सर्वसम्मति से पारित किया गया। इस बजट में शहर के समग्र विकास को केंद्र में रखते हुए बुनियादी ढांचे के सुदृढ़ीकरण, नागरिक सुविधाओं के विस्तार और सामाजिक योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया है। बैठक की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष किरण देवी ने की, जबकि संचालन ईओ रानी कुमारी ने किया। बैठक में सांसद एवं विधायक प्रतिनिधियों के साथ उप चेयरमैन, वार्ड पार्षदों और नगर कर्मियों की सक्रिय भागीदारी रही। प्रस्तुत बजट में पूर्व वित्तीय वर्षों 2024-25 और 2025-26 के आय-व्यय का विस्तृत विश्लेषण करते हुए आगामी वर्ष के संभावित संसाधनों का आकलन किया गया है। प्रारंभिक शेष राशि करीब 6.40 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है, जबकि आंतरिक राजस्व एवं केंद्र-राज्य अनुदानों को मिलाकर कुल आय 81.14 करोड़ रुपये आंकी गई है।
नगर विकास को गति देने के उद्देश्य से 49.39 करोड़ रुपये पूंजीगत मद में खर्च किए जाने का प्रस्ताव है, वहीं 30.05 करोड़ रुपये स्थापना एवं अन्य राजस्व व्यय पर खर्च किए जाएंगे। बजट में मार्केट कॉम्प्लेक्स, सामुदायिक भवन, सामुदायिक शौचालय, बस स्टैंड, रैन बसेरा, पुस्तकालय, सड़क एवं पुल निर्माण, ओल्ड एज होम, पिंक टॉयलेट तथा अशोक सम्राट भवन जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं को शामिल किया गया है। इसके अतिरिक्त छठ और दीपावली जैसे प्रमुख आयोजनों की बेहतर व्यवस्था, शहर की स्वच्छता को प्राथमिकता देने तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी विशेष ध्यान रखा गया है। बजट के अंत में लगभग 8.10 करोड़ रुपये शेष रहने का अनुमान जताया गया है।






























































































