कंस्ट्रक्शन कंपनी के सिविल लैब और स्टोर रूम में लगी आग, ढाई करोड़ का नुकसान

0
1112

दमकल कर्मियों की तत्परता ने टाला बड़ा हादसा, कई कीमती सामानों को जलने से बचाया                                                       बक्सर खबर। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चौसा रेलवे गुमटी के समीप कोयला यार्ड निर्माण कार्य कर रही एक कंस्ट्रक्शन कंपनी के सिविल लैब और स्टोर रूम में सोमवार की देर रात भीषण आग लग गई। शॉर्ट सर्किट से लगी इस आग में करोड़ों रुपए का सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया। घटना रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। आग लगने की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अनुमंडलीय अग्निशमालय पदाधिकारी सुनंदा कुमारी ने बताया कि सूचना मिलते ही चौसा थाना में तैनात एमटी वाहन के साथ कर्मियों को घटनास्थल पर भेजा गया। आग की भयावह स्थिति को देखते हुए बक्सर अग्निशमन केंद्र से अतिरिक्त बड़ी गाड़ी की मांग की गई। इसके बाद अग्निक चालक गुलाबचंद भारती, माधुरी कुमारी समेत अन्य दमकल कर्मी वॉटर टेंडर के साथ मौके पर पहुंचे।

टीम में कुंदन कुमार, प्रमोद कुमार सिंह यादव, संतोष कुमार, तनु प्रकाश, लवली कुमारी, चांदनी कुमारी एवं गृह रक्षक अरविंद कुमार शाह शामिल थे। सभी ने मिलकर काफी प्रयास के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। दमकल कर्मियों की तत्परता से आसपास के घरों को सुरक्षित बचा लिया गया, वहीं सिविल लैब में रखे दो ऑफिस कंटेनर, दो जेसीबी, तीन ट्रैक्टर सहित कुछ अन्य सामान को भी सुरक्षित निकाल लिया गया। इधर, कंस्ट्रक्शन कंपनी से जुड़े कर्मचारी विकास चौबे ने आवेदन देकर बताया कि आग में रेलवे यार्ड में उपयोग होने वाले करीब 3 किलोमीटर फिटिंग सामान, सेटअप बॉक्स, एसएनटी बॉक्स, एसपीजी स्विच, रबर पैड, पेंट के डिब्बे व लाइनर समेत अन्य सामग्री जल गई। इस घटना में लगभग ढाई करोड़ रुपए के नुकसान का अनुमान है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here