-कक्षा आठ तक के विद्यालयों में नहीं होगा पठन-पाठन
बक्सर खबर। शीतलहर के प्रभाव को देखते हुए कक्षा आठ तक के विद्यालयों को बंद रखने का आदेश पुन: जारी किया गया है। गुरुवार को जिलाधिकारी साहिला के कार्यालय से इस आशय का नया पत्र जारी किया गया है। पत्र के अनुसार 27 दिसंबर तक आंगनबाड़ी से लेकर कक्षा आठ तक के विद्यालयों में पठन-पाठन पूर्णत: प्रतिबंधित किया जाता है। पूर्व से जारी आदेश आज 25 दिसंबर को समाप्त हो रहा था। इस वजह से यह नया पत्र जारी किया गया है।
जिले में ठंड का प्रभाव बदस्तूर जारी है। सुबह देर तक घना कोहरा छाया रहता है। इस वजह से स्कूल बसें भी चलना मुश्किल है। इस वजह से स्कूल की गतिविधियों को संचालित करना जोखिम वाला कदम है। सभी परिस्थितियों का आकलन करते हुए यह आदेश जारी किया गया है। जो सरकारी व गैर सरकारी स्कूल के साथ ही साथ कोचिंग पर भी प्रभावी होगा। आठवीं कक्षा से ऊपर के विद्यालय अथवा शिक्षण संस्थान चल सकते हैं। लेकिन, उन्हें भी स्वास्थ्य कारणों का ध्यान रखना चाहिए।






























































































