रेडियंट पब्लिक और चिलहरी स्कूल ने जीता सबका दिल 

0
147

स्वतंत्रता दिवस की संस्कृति संध्या में बिहार राज्य गीत और देशभक्ति पिरामिड ने लूटी वाहवाही                               बक्सर खबर। 79वें स्वतंत्रता दिवस पर स्टेशन रोड स्थित नगर भवन में जिला प्रशासन द्वारा आयोजित संस्कृति संध्या में छात्रों ने देशभक्ति और लोक संस्कृति की शानदार झलक पेश की। इस मौके पर रेडियंट पब्लिक स्कूल और मध्य विद्यालय चिलहरी ने अपने-अपने बेहतरीन प्रदर्शन से सबका दिल जीतते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। रेडियंट पब्लिक स्कूल की छात्र- आराध्या, साक्षी, रिया, श्रेया, अंजलि, आदर्श, समीर और हिमांशु ने बिहार राज्य गीत पर समूह नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। उनकी प्रस्तुति ने न सिर्फ तालियों की गड़गड़ाहट बटोरी बल्कि विद्यालय परिवार को गर्व से भर दिया। वहीं, मध्य विद्यालय चिलहरी के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत पिरामिड समूह नृत्य में अपनी कला का ऐसा रंग बिखेरा कि मंच से लेकर दर्शक दीर्घा तक तालियों की गूंज सुनाई दी।

कार्यक्रम की शुरुआत इंदिरा प्लस टू उच्च विद्यालय की छात्राओं द्वारा स्वागत गीत और शिव वंदना से हुई। इसके बाद एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियों ने शाम को खास बना दिया। डीएवी स्कूल की छात्रा सृष्टि कुमारी ने एकल देशभक्ति गीत गाया, साथ ही विद्यालय के छात्रों ने भारत दर्शन पर आधारित लोक नृत्य पेश किया। कैंब्रिज स्कूल, राज प्लस टू उच्च विद्यालय डुमरांव, उच्च विद्यालय चुरामनपुर और अन्य विद्यालयों के बच्चों ने समूह लोक नृत्यों से बिहार की सांस्कृतिक छटा बिखेरी।

देशभक्ति गीत पर पिरामिड बनाते मध्य विद्यालय चिलहरी के छात्र

इंदिरा उच्च विद्यालय की छात्राओं ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ थीम पर नृत्य कर संदेश दिया। बारुद डांस एकेडमी ने रक्त चरित्र पर समूह नृत्य पेश कर दर्शकों को रोमांचित किया। शिवम कश्यप, विश्वास वर्मा, अमित कुमार और राज गुप्ता जैसे प्रतिभागियों ने एकल गायन से माहौल को संगीतमय बनाया। जिला प्रशासन ने अपरिहार्य कारणों से विजेताओं की आधिकारिक सूची जारी नहीं की, लेकिन निजी स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार रेडियंट पब्लिक स्कूल और मध्य विद्यालय चिलहरी को प्रथम स्थान का विजेता घोषित किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here