खिलाड़ियों को मिला मंच, मेहनत से मिलेगा मुकाम

0
47

बलिहार स्कूल में तीन दिवसीय ‘मशाल’ खेल प्रतियोगिता का भव्य समापन                                                 बक्सर खबर। जिले के बलिहार गांव स्थित ए एस एम उच्च विद्यालय में आयोजित तीन दिवसीय संकुल स्तरीय ‘मशाल बिहार राज्य खेल प्रतिभा खोज प्रतियोगिता’ का समापन शनिवार को धूमधाम से हुआ। कार्यक्रम में प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को मेडल, टी-शर्ट और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय पंचायत के मुखिया धर्मराज चौरसिया मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद रहे। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका शाम्भवी राय, संकुल समन्वयक राघवेन्द्र त्रिवेदी, मध्य विद्यालय बड़कागांव के शिक्षक राकेश कुमार, प्रफुल्ल कुमार, कृष्ण कुमार मिश्र, मंजर तनवीर, रंजीत चौबे, शिक्षिका अर्चना तिवारी सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं कार्यक्रम में शामिल हुए।

कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की शिक्षिका ममता तिवारी ने बहुत ही सुचारू और उत्साहपूर्ण ढंग से किया। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य राज्य में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाना, कम उम्र में प्रतिभाओं की पहचान करना और उन्हें राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर खेलने के काबिल बनाना है। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका शाम्भवी राय ने बच्चों को मेहनत का महत्व समझाते हुए कहा, “सभी प्रकार का विकास प्रयास पर निर्भर करता है। बिना परिश्रम के न तो शारीरिक और न ही बौद्धिक विकास संभव है। जो मेहनत करता है, सफलता उसी के कदम चूमती है।” कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों और शिक्षकों ने प्रतिभागियों की मेहनत की सराहना की, उन्हें आगे भी इसी लगन से मेहनत करने के लिए प्रेरित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here