तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने मारी बाइक सवार छात्रों को टक्कर, एक की मौत

0
3697

-सिकरौल नहर मार्ग पर महदह पुल के समीप हुई दुर्घटना
बक्सर खबर। तेज रफ्तार स्कार्पियो ने मंगलवार की शाम बाइक सवार दो छात्रों को टक्कर मार दी। दोनों गंभीर रुप से घायल हो गए। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। उन्हें सदर अस्पताल ले जाया गया। जहां उनकी गंभीर हालत देखते हुए चिकित्सकों ने रेफर कर दिया। परिजन घायल युवक और किशोर को लेकर वाराणसी गए। जहां उपचार के दौरान पुष्पक राज उर्फ बड़े (19) की आज बुधवार को तड़के मौत हो गई। दुर्घटना सिकरौल नहर मार्ग पर महदह पुल के समीप शाम साढ़े छह बजे के लगभग हुई थी। सूचना के अनुसार दूसरे किशोर का नाम प्रिंस राज है। वह मैट्रिक की परीक्षा दे चचेरे भाई के साथ बाइक से गांव लौट रहा था। तभी सामने से आ रही स्कार्पियो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

उसका एक पैर टूट गया है। जिसके कारण उसकी परीक्षा भी छूट गई है। ऐसा ग्रामीण सूत्रों ने बताया। दुर्घटना स्थल मुफस्सिल थाने की सीमा में पड़ता है। वहां की पुलिस से संपर्क करने पर सिर्फ इतना ही ज्ञात हो सका कि बाइक पुलिस ने जब्त की है। घायलों की हालत नाजुक थी। इस वजह से उनका ब्योरा हमें ज्ञात नहीं हो सका। परिजन उन्हें लेकर आनन-फानन में वाराणसी चले गए। वहीं ग्रामीणों ने पूछने पर बताया मृतक पुष्पक राज के पिता का नाम मुन्ना पासवान है। वे फौज में सेवारत हैं। यह दोनों युवक डुमरांव थाना के अटांव गांव के निवासी हैं। घायल किशोर प्रिंस राज के पिता का नाम प्रमोद पासवान है। इस घटना ने पूरे परिवार को शोक में डूबो दिया है। क्योंकि पुष्पक होनहार छात्र था। वह बक्सर में ही रहकर पढ़ाई पूरी कर रहा था। वह दो भाइयों में बड़ा था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here