05 अक्टूबर(रविवार )को दल सागर खेल मैदान में जुटेगा जनसैलाब बक्सर खबर। विश्वामित्र सेना ने शुक्रवार को प्रचार रथ रवाना कर यह संदेश दिया कि आगामी 05 अक्टूबर को सिद्धाश्रम की पावन धरती पर एक ऐतिहासिक आयोजन होने जा रहा है। दल सागर खेल मैदान में होने वाला यह सनातन सभा सह-संस्कृति कार्यक्रम न केवल धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से अहम होगा, बल्कि जिले की पहचान और गौरव को भी नई ऊर्जा देगा। इस महाआयोजन की तैयारी को लेकर विश्वामित्र सेना के प्रधान कार्यालय से प्रचार रथ रवाना किया गया।
विश्वामित्र सेना के राष्ट्रीय संयोजक राजकुमार चौबे ने कहा कि बक्सर की पावन धरती पर सनातन संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण व जागरण का यह एक ऐतिहासिक अवसर है। मेरा जिलेवासियों से आग्रह है कि अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस आयोजन को सफल बनाएं। यह महोत्सव आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत साबित होगा। कार्यक्रम में सनातन संस्कृति से जुड़े विविध आयोजन होंगे। आयोजकों का कहना है कि यह सभा न केवल धार्मिक आस्था को मजबूत करेगी बल्कि सांस्कृतिक धरोहर को भी नई दिशा देगी।