विकास योजनाओं पर डीएम की पैनी नजर, निर्माणाधीन अटल कला भवन और पहुंच पथ का किया स्थलीय निरीक्षण

0
218

समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के सख्त निर्देश, बिजली पोल हटाने और सड़कों की मरम्मत के लिए इंजीनियरों को अल्टीमेटम                                        बक्सर खबर। बुधवार को जिलाधिकारी साहिला ने शहर में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं का स्थल निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए समयबद्ध निष्पादन पर विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने दल सागर खेल मैदान के पास पहुंच पथ का निरीक्षण किया। इस दौरान रास्ते में बाधा बन रहे विद्युत पोलों को हटाने के लिए कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल को निर्देश दिया गया। साथ ही पहुंच पथ की मरम्मत सुनिश्चित करने हेतु भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अभियंता को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।

चुरामनपुर बहुउद्देशीय परिसर में स्थित पंचायत सरकार भवन एवं अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण करते हुए डीएम ने इनके नियमित और सुचारू संचालन के निर्देश दिए। इसके लिए जिला परियोजना प्रबंधक जीविका, जिला पंचायत राज पदाधिकारी तथा सिविल सर्जन को समन्वय स्थापित कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया। आईटीआई मैदान में निर्माणाधीन अटल कला भवन फाउंडेशन के कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सहायक अभियंता, भवन निर्माण निगम को समय पर निर्माण कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया। साथ ही आईटीआई मैदान की चाहरदीवारी का रंग-रोगन, दीवार लेखन, आसपास की साफ-सफाई तथा अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को सख्त निर्देश दिए गए।

आगामी विश्वामित्र महोत्सव को देखते हुए जिलाधिकारी ने किला मैदान का भी निरीक्षण किया। विशिष्ट एवं अति विशिष्ट अतिथियों के आगमन के मद्देनजर चिन्हित स्थल को शीघ्र वाहन पार्किंग के रूप में विकसित करने का निर्देश नगर परिषद को दिया गया, ताकि कार्यक्रम के दौरान यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था सुचारू बनी रहे। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए, ताकि आम जनता को योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here