50 रुपये दैनिक बढ़ोतरी पर बनी सहमति, एक अप्रैल से नई दर लागू करने का आश्वासन बक्सर खबर। नगर परिषद क्षेत्र में सफाई व्यवस्था ठप कर आंदोलन पर उतरे सफाई मित्रों और सुपरवाइजरों की हड़ताल आखिरकार दूसरे चरण की लंबी वार्ता के बाद समाप्त हो गई। नगर प्रशासन और सफाई मजदूरों के प्रतिनिधिमंडल के बीच चली विस्तृत बातचीत के बाद समझौता हुआ और कर्मी काम पर लौट आए। इसके साथ ही शहर में सफाई कार्य दोबारा शुरू हो गया। स्थायी सशक्त समिति सदस्य इंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि वार्ता के दौरान दैनिक मजदूरी में 50 रुपये की वृद्धि पर सहमति बनी है।
तय हुआ है कि पीएफ कटौती के बाद सफाई कर्मियों को 400 रुपये तथा सुपरवाइजरों को 438 रुपये प्रतिदिन भुगतान किया जाएगा। सफाई कर्मचारी नेता सह भाकपा माले नेता संजय शर्मा ने बताया कि नगर प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि नई मजदूरी दर एक अप्रैल से लागू कर दी जाएगी। तब तक फिलहाल डुमरांव नगर परिषद की तर्ज पर भुगतान किया जाएगा। वार्ता को सकारात्मक बताते हुए मजदूर नेताओं ने चेयरमैन प्रतिनिधि नियामतुल्लाह फरीदी के प्रति आभार व्यक्त किया। उनका कहना है कि बोर्ड द्वारा नई दर स्वीकृत कर दी गई है, जिसे हर हाल में अगले वित्तीय वर्ष से लागू कर दिया जाएगा।































































































