चुनाव में जीत और मंदिर निर्माण के संकल्प को साकार देख अयोध्या पहुंचे कार्यकर्ता, सरयू स्नान के बाद किया दर्शन-पूजन बक्सर खबर। भारतीय जनता पार्टी के प्रमुख एजेंडे में शामिल श्रीराम जन्मभूमि मंदिर का निर्माण कार्य लगभग पूरा होने और बिहार विधानसभा चुनाव में पार्टी को प्रचंड बहुमत मिलने के बाद जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा गया। इसी क्रम में रविवार को भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन और विधानसभा संयोजक के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ताओं का एक जत्था अयोध्या पहुंचा, जहां उन्होंने प्रभु श्रीराम लला का दर्शन कर भजन-कीर्तन किया। कार्यकर्ताओं ने पहले सरयू नदी में स्नान किया, इसके बाद विधिवत रूप से श्रीराम लला के दर्शन किए। दर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने मंदिर परिसर में भजन कर अपनी आस्था प्रकट की।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन ने कहा कि प्रभु श्रीराम के दर्शन कर सभी कार्यकर्ता खुद को धन्य महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक समय था जब “हम कसम राम की खाते हैं, मंदिर वहीं बनाएंगे” का नारा लगाने पर विरोधी व्यंग्य किया करते थे, लेकिन आज वही नारा साकार होकर भव्य राम मंदिर के रूप में सबके सामने है। उन्होंने राम मंदिर आंदोलन में योगदान देने वाले पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, लाखों कार्यकर्ताओं और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को याद करते हुए कहा कि इन्हीं सबके सामूहिक प्रयास से आज यह ऐतिहासिक सपना पूरा हुआ है और श्रद्धालुओं को प्रभु श्रीराम के दर्शन का सौभाग्य मिल रहा है। इस जत्थे में शंकर बलिराम जी, नन्दजी सिंह, सतीश त्रिपाठी, विनोद राय, लक्ष्मण शर्मा, धनंजय त्रिगुण, राजेश सिन्हा, निर्भय राय, पुनीत सिंह, रमेश गुप्ता, मनोज पांडेय, चुन्नु सिंह, मिठाई सिंह, सुनील सिंह, आशानंद सिंह सहित कई अन्य भाजपा कार्यकर्ता शामिल रहे।





























































































