– पुलिस की कार्रवाई में हथियार बरामद, भेजा गया जेल
बक्सर खबर। सोशल मीडिया पर पिस्टल लहराते एक युवक की तस्वीर वायरल करने वाले युवक को पुलिस ने छोटकी सारिमपुर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार युवक की पहचान सारीमपुर निवासी अभिमन्यु यादव के रूप में हुई। तलाशी के दौरान युवक के पास से पिस्टल के अलावा पांच कारतूस के साथ एक मैगजीन भी बरामद किया गया। टाउन थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने मीडिया को बताया कि इंटरनेट पर वायरल हो रही तस्वीर के आधार पर युवक की पहचान की गई।
तकनीकी अनुसंधान के माध्यम से अभिमन्यु यादव की पहचान हुई। गिरफ्तारी के लिए गश्ती दल को भेजा गया, जहां पुलिस को देखकर एक युवक भागने का प्रयास करने लगा। लेकिन, टीम के सदस्यों ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसने स्वीकार किया कि वायरल तस्वीर उसी की है। युवक के पास मिले मोबाइल की जांच में उक्त तस्वीर मिली। जब उससे हथियार के बारे में पूछा गया, तो उसने बताया कि यह हथियार और कारतूस उसके दोस्त सिंकू राय ने दिए थे। संभव है उस युवक की तलाश भी पुलिस करे।






























































































