आजीवन कांग्रेसी नेता के रूप में रही पहचान, क्षेत्र में मिलनसार स्वभाव के लिए थे प्रसिद्ध बक्सर खबर। जिले के रामपुर पंचायत के पूर्व मुखिया एवं वरिष्ठ आजीवन कांग्रेसी नेता वशिष्ठ राय का 96 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पूरे क्षेत्र सहित कांग्रेस परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के पूर्व सचिव कामेश्वर पांडेय ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि वशिष्ठ राय पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रोफेसर केके तिवारी के करीबी सहयोगियों में शामिल थे। उन्होंने जीवन भर कांग्रेस की नीतियों और सिद्धांतों में अटूट विश्वास बनाए रखा।
उन्होंने कहा कि वशिष्ठ राय का व्यक्तित्व अत्यंत मिलनसार था और वे सभी वर्गों के लोगों के बीच लोकप्रिय थे। उनके निधन से कांग्रेस परिवार ने एक अभिभावक समान मार्गदर्शक को खो दिया है। उनका योगदान और व्यक्तित्व हमेशा स्मरणीय रहेगा। इस दुखद अवसर पर कई गणमान्य लोगों ने शोक संवेदना व्यक्त की। शोक व्यक्त करने वालों में चौसा प्रखंड अध्यक्ष राजा रमन पांडेय, इंजीनियर रामप्रसन्न द्विवेदी, इंजीनियर नरेंद्र शर्मा, बजरंगी मिश्रा, रमाकांत चौबे, बुच्चा उपाध्याय, धीरेंद्र पाठक, दिनेश राय, जग नारायण मिश्रा सहित अन्य लोग शामिल हैं।






























































































