विश्वामित्र सेना ने कराया निशुल्क उपनयन संस्कार

0
23

राजकुमार चौबे के नेतृत्व में सनातन परंपरा से जुड़ी नई पीढ़ी, 51 बटुकों ने धारण किया जनेऊ                     बक्सर खबर। इटाढ़ी प्रखंड के सिकटौना ग्राम स्थित श्रीधराचार्य वेद गुरुकुलम में गुरुवार को विश्वामित्र सेना के तत्वावधान में निशुल्क सामूहिक यज्ञोपवीत संस्कार का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 51 बटुकों का उपनयन संस्कार वैदिक रीति-रिवाज और मंत्रोच्चार के बीच संपन्न कराया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व विश्वामित्र सेना के राष्ट्रीय संयोजक राजकुमार चौबे ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में अभिभावकों एवं बच्चों की उपस्थिति रही। गुरुकुल में रंगनाथ द्विवेदी के मार्गदर्शन तथा आचार्य बनारसी दुबे के नेतृत्व में सभी संस्कार विधि-विधान से सम्पन्न हुए। आचार्यों के निर्देशन में वैदिक मंत्रों के उच्चारण के साथ यज्ञोपवीत संस्कार कराया गया। आयोजन का उद्देश्य नई पीढ़ी को सनातन परंपराओं एवं संस्कारों से जोड़ना रहा। शास्त्रों में वर्णित सिद्धांत जन्मना जायते शूद्रः, संस्कारात् द्विज उच्यते को आत्मसात करते हुए इस कार्यक्रम को विशेष महत्व दिया गया।

इस अवसर पर राजकुमार चौबे ने कहा कि यज्ञोपवीत संस्कार केवल परंपरा नहीं, बल्कि जीवन में अनुशासन, ज्ञान और संस्कारों की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म के संरक्षण एवं उत्थान के लिए ऐसे आयोजनों की आवश्यकता है और विश्वामित्र सेना आगे भी इस दिशा में कार्य करती रहेगी। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों के लिए भंडारे की व्यवस्था की गई। आयोजन में राष्ट्रीय सचिव अशोक कुमार उपाध्याय, मोहित बाबा, गोवर्धन चौबे, अर्जुन तिवारी, ओम जी यादव, गुड्डू पांडेय सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। वहीं, डॉ. लोकनाथ द्विवेदी, पंकज पांडेय, बबन तिवारी, जय कुमार तिवारी एवं विद्यासागर दुबे का सराहनीय सहयोग रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here