-सब्जी खरीदने के दौरान हुई घटना
बक्सर खबर। शहर के सब्जी मंडी के समीप बाइक खड़ी कर खरीदारी कर रहे व्यक्ति को उच्चकों ने चूना लगा दिया। उसकी बाइक की डिक्की में एक लाख 20 हजार रुपये थे। जिसे उच्चके ले भागे। इसकी प्राथमिकी आज गुरुवार को नगर थाना में दर्ज की गई। हालांकि घटना बुधवार की दोपहर पौने एक बजे के लगभग की है। पीड़ित कमल कुमार मुफस्सिल थाना के सोंधिला गांव के निवासी हैं। उन्होंने अपने आवेदन में कहा कि बुधवार की दोपहर साढ़े बारह बजे वे स्टेट बैंक की शाखा से एक लाख 20 रुपये निकाल घर जा रहे थे। सब्जी मंडी पहुंचे तो बाइक को एक सैलून के सामने खड़ा कर दिया। और सब्जी खरीदने लगे।
उस समय दोपहर के 12:40 हो रहे थे। पांच मिनट के अंतराल पर बाइक के समीप आए तो देखा डिक्की तोड़ किसी ने उनके रुपये निकाल लिए हैं। नजारा देख कमल के होश उड़ गए। लगे यहां वहां दौड़ लगाने। वे भागे-भागे नगर थाना पहुंचे। इसकी सूचना दी और पुलिस से मदद मांगी। लेकिन, ऐसा किसने किया, यह तो उनको पता था नहीं। पुलिस ने अपने स्तर से जांच की। लेकिन, कुछ भी ठोस सुराग नहीं मिला। घटना के अगले दिन अर्थात आज 17 अक्टूबर को उसकी प्राथमिकी दर्ज की गई। यह खबर अपने आप में पुलिस की सतर्कता पर गंभीर सवाल है। साथ ही बैंक से बड़ी लेनदेन कर लापरवाही बरतने वालों के लिए एक सीख भी।































































































