छह बच्चों के सिर से उठा पिता का साया, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

0
2931

सड़क किनारे मिला मजदूर का शव, सिर पर चोट और करंट के निशान मिले                                               बक्सर खबर। कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के अरक गांव में मंगलवार की सुबह एक मजदूर का शव सड़क किनारे संदिग्ध परिस्थिति में पड़ा मिला। मृतक की पहचान अरक गांव निवासी 39 वर्षीय बीरेन्द्र बिंद के रूप में हुई है। वे सोमवार को मजदूरी के लिए घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने पूरी रात उनकी खोजबीन की, और आज सुबह छोटका दिया-अरक मार्ग के किनारे उनका शव मिलने पर गांव में मातम छा गया। मृतक की पत्नी आशा देवी ने बताया कि उनके पति चक्की दीयर गांव में पटवन कार्य के लिए गए थे। देर रात तक घर नहीं लौटे, सुबह जैसे ही सड़क किनारे शव देखा गया, गांव में चीख-पुकार मच गई। आशा देवी रोते हुए कहती हैं कि अब मेरे छह छोटे-छोटे बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है, हम सबका सहारा छिन गया।

ग्रामीणों ने बताया की बीरेन्द्र बिंद के सिर पर गहरी चोट और हाथों में करंट लगने के निशान मिले हैं। इससे यह आशंका जताई जा रही है कि या तो यह कोई हादसा है या फिर सुनियोजित हत्या। घटना की जानकारी मिलते ही कृष्णाब्रह्म थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच चल रही है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा। गांव में इस घटना को लेकर विभिन्न तरह की चर्चाएं हो रही हैं, जबकि परिजन न्याय की गुहार लगा रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here