अध्यक्ष वर्षा पांडेय की अध्यक्षता में बनी रणनीति, अंडर-16 और अंडर-19 जिला लीग भी इसी माह बक्सर खबर। जिला क्रिकेट संघ की कार्यकारिणी बैठक गुरुवार को बाईपास रोड स्थित एक होटल में अध्यक्ष वर्षा पांडेय की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में बिहार क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा घोषित पंजीकरण की समय-सीमा को ध्यान में रखते हुए आगामी प्रतियोगिताओं और चयन प्रक्रिया पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। कार्यकारिणी ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि 13 फरवरी को कथकौली मैदान में सीनियर एवं अंडर-23 आयु वर्ग के खिलाड़ियों का ट्रायल मैच आयोजित किया जाएगा। चयन समिति के सदस्य खिलाड़ियों के प्रदर्शन का आकलन कर पारदर्शी और निष्पक्ष चयन सुनिश्चित करेंगे।
बैठक में यह भी तय किया गया कि फरवरी माह के भीतर ही अंडर-19 और अंडर-16 आयु वर्ग की जिला लीग प्रतियोगिताओं का आयोजन कराया जाएगा। इसका उद्देश्य चयनित खिलाड़ियों का समयबद्ध पंजीकरण बिहार क्रिकेट एसोसिएशन में सुनिश्चित करना है, ताकि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राज्य स्तर पर अवसर मिल सके। अध्यक्ष वर्षा पांडेय ने कहा कि जिला क्रिकेट संघ खिलाड़ियों को निष्पक्ष अवसर प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर ली जाएंगी और जिले के उभरते क्रिकेटरों को बेहतर मंच उपलब्ध कराया जाएगा। बैठक में संयुक्त सचिव विजय कुमार, राजीव कमल मिश्रा, नयन मिश्रा, सौरभ तिवारी, नागेंद्र नाथ ओझा, अखिलेश उपाध्याय, फराह अंसारी, आशीष कुमार, आशुतोष अस्थाना, नीलांबुज द्विवेदी, आदित्य उपाध्याय, पंकज वर्मा, दुर्गेश चौहान सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।































































































