अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालयों में नामांकन के लिए एक मई तक करें आवेदन

0
71

9वीं और 11वीं कक्षा के छात्र-छात्राओं को मिलेगी निःशुल्क शिक्षा                                                       बक्सर खबर। अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, बिहार सरकार द्वारा संचालित राज्य के अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालयों में सत्र 2026-27 के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह नामांकन कक्षा 9वीं तथा 11वीं में लिया जाएगा। इस योजना के तहत मुस्लिम, सिख, ईसाई, बौद्ध, जैन एवं पारसी समुदाय के छात्र-छात्राएं आवेदन कर सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थी ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन कर सकते हैं, जिसकी अंतिम तिथि 1 मई निर्धारित की गई है।

विभाग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 2 से 4 मई तक आवेदन में सुधार का अवसर दिया जाएगा, जबकि 12 से 16 मई के बीच प्रवेश पत्र डाउनलोड किए जा सकेंगे। प्रवेश परीक्षा 17 मई को आयोजित होगी और 28 मई को परिणाम प्रकाशित किया जाएगा। चयनित छात्रों का नया सत्र 8 जून से शुरू होगा। पात्रता की बात करें तो 9वीं कक्षा के लिए अधिकतम आयु 16 वर्ष तथा 11वीं के लिए 18 वर्ष निर्धारित की गई है। साथ ही अभ्यर्थी के परिवार की वार्षिक आय 6 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। चयन प्रक्रिया 100 अंकों की वस्तुनिष्ठ परीक्षा के आधार पर होगी, जिसकी अवधि 2 घंटे तय की गई है। प्राप्त अंकों के आधार पर मेधा सूची तैयार कर नामांकन किया जाएगा। यह नामांकन कटिहार, जमुई, नालंदा, मुजफ्फरपुर एवं कैमूर स्थित विद्यालयों के साथ-साथ सिवान, पूर्णिया, सहरसा, मुंगेर और सुपौल में संचालित कैंप विद्यालयों के लिए भी किया जा रहा है।

सरकार की इस योजना के तहत चयनित विद्यार्थियों को पूरी तरह निःशुल्क आवास, भोजन, वस्त्र, दवा, पुस्तकें एवं आधुनिक लैब की सुविधा दी जाएगी। 11वीं कक्षा में विज्ञान (पीसीएम/पीसीबी) और कला संकाय की पढ़ाई की व्यवस्था है। आरक्षण प्रावधान के तहत 50 प्रतिशत सीटें बालिकाओं के लिए तथा 75 प्रतिशत सीटें ग्रामीण विद्यार्थियों के लिए आरक्षित रखी गई हैं। इसके अतिरिक्त राज्य की वर्तमान आरक्षण नीति भी लागू होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here