जिले में 143 दंडाधिकारियों की तैनाती, घाटों पर गोताखोर और मंदिर परिसर में सीसीटीवी से होगी निगरानी बक्सर खबर। महाशिवरात्रि को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारी पूरी कर ली है। शुक्रवार को जिलाधिकारी साहिला एवं पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने संयुक्त रूप से विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर निरीक्षण और ब्रीफिंग की। डीएम ने ब्रह्मपुर स्थित बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ मंदिर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं समाहरणालय सभाकक्ष में सभी पदाधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक कर सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन की रणनीति तय की गई। डीएम ने डुमरांव एसडीओ को दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की सतत जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। नगर पंचायत ब्रह्मपुर को मंदिर परिसर में साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, सीसीटीवी, अतिरिक्त चेंजिंग रूम तथा महिलाओं की सुविधा हेतु विशेष व्यवस्था करने को कहा गया।
भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग, अलग प्रवेश एवं निकास मार्ग, ड्रॉपगेट तथा ध्वनि विस्तारक यंत्र की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को दो मेडिकल टीम- एक मंदिर परिसर के अंदर एवं एक बाहर तैनात करने तथा एंबुलेंस उपलब्ध रखने को कहा गया। महाशिवरात्रि पर श्रद्धालुओं के स्नान को देखते हुए रामरेखा घाट, नाथ बाबा घाट सहित सभी प्रमुख घाटों पर सुरक्षा घेरा, प्रकाश व्यवस्था एवं गोताखोरों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की गई है। नदी एवं तालाबों में नावों पर लाल झंडा, क्षमता अंकन एवं गश्ती दल की तैनाती अनिवार्य की गई है। गोताखोर, लाइफ जैकेट और महाजाल की भी व्यवस्था रहेगी। कार्यपालक अभियंता विद्युत प्रमंडल को नंगे एवं लूज तारों को दुरुस्त कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। प्रमुख स्थलों पर कनीय अभियंता एवं बिजली मिस्त्री तैनात रहेंगे। जिला अग्निशमन पदाधिकारी को ब्रह्मपुर मंदिर एवं मॉडल थाना के समीप अग्निशमन यूनिट तैयार हालत में रखने का निर्देश दिया गया है। भीड़ को देखते हुए सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को पार्किंग स्थल चिन्हित कर यातायात प्रबंधन की व्यवस्था करने को कहा गया है।

महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर जिले में कुल 118 स्टैटिक दंडाधिकारी, 23 गश्ती दल दंडाधिकारी तथा 2 जोनल दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है। पुलिस बल (पुरुष/महिला), दंगा नियंत्रण दल, वज्र वाहन तथा साइबर टीम को भी सक्रिय रखा गया है। सोशल मीडिया पर अफवाहों पर नजर रखने और त्वरित खंडन के निर्देश दिए गए हैं। जिला नियंत्रण कक्ष समाहरणालय परिसर स्थित जिला आपदा शाखा भवन में 24 घंटे कार्यरत रहेगा (दूरभाष: 06183-223333)। असैनिक शल्य चिकित्सक सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी को जीवनरक्षक दवाओं के साथ एंबुलेंस एवं चिकित्सक टीम तैयार रखने तथा जिला एवं अनुमंडलीय अस्पतालों में विशेष रोस्टर लागू करने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों का पालन करें, अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन के निर्देशों का अनुपालन करते हुए शांतिपूर्ण ढंग से महाशिवरात्रि पर्व मनाएं।































































































