सरकार नहीं कराएगी नप चुनाव, जाएगी सर्वोच्च न्यायालय : उपेन्द्र कुशवाहा

0
401

-कहा जातीय जनगणना के बाद निकलेगा हल, न्यायालय पर भी कसा तंज
बक्सर खबर। पूर्व केन्द्रीय मंत्री व जदयू संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा ने कहा कि सरकार फिलहाल नगर परिषद चुनाव नहीं कराएगी। हम लोग सर्वोच्च न्यायालय जाएंगें। अब कोर्ट अगर इस पर जल्द से जल्द फैसला दे तो तभी चुनाव आसानी से संभव है। उन्होंने राज्य सरकार का हवाला देते हुए कहा हमने जो आरक्षण की व्यवस्था बनाई है। हम उसी को आगे लेकर बढ़ेंगे। आज नगर परिषद चुनाव को लेकर भाजपा घड़ियाली आंसू बहा रही है। जबकि यह केन्द्र की सोची-समझी योजना का हिस्सा है। 2018 में ही केन्द्र सरकार ने जातिगत जनगणना की बात स्वीकार की थी।

लेकिन, आज तक ऐसा नहीं कराया गया। अगर पूर्व में यह कार्य हो गया होता तो आज ऐसी स्थिति नहीं आती। यह बातें सोमवार को पत्रकार वार्ता के दौरान उपेन्द्र कुशवाहा ने कहीं। वे जदयू की सद्भावना जोड़ो, देश बचाओ यात्रा के लिए बक्सर पहुंचे थे। जिले के चौसा में उनका रात्रि विश्राम हुआ। वहां से आज सोमवार की सुबह उन्हें कैमूर जिला के रामगढ़ के लिए रवाना होना था। इसी कड़ी में सुबह चौसा में ही उन्होंने प्रेस वार्ता आयोजित की। उपेन्द्र कुशवाहा ने कहा कि हमारी सरकार कमजोर वर्ग के लोगों के पक्ष में काम कर रही है।

नगर परिषद पर उच्च न्यायालय द्वारा लगाई गई रोक का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा। लोग कहते हैं, न्यायालय के खिलाफ नहीं बोलना चाहिए। लेकिन न्यायालय हो अथवा सरकार सभी आमजन के हित के लिए काम करते हैं। बहुत बार ऐसा देखा गया है। रात दो बजे, सुबह चार बजे कोर्ट खोलकर सुनवाई हुई है। लेकिन, यहां न्यायालय ने उचित समय पर फैसला नहीं लिया। पन्द्रह दिन पहले भी फैसला सुनाया जा सकता था। लेकिन, ऐसे वक्त में फैसला आया जब लोग चुनाव में जुटे थे। बहुत से लोगों का हक मारा गया। बहुत से रुपये का नुकसान हुआ। पीसी के दौरान उनके साथ जदयू जिलाध्यक्ष अशोक सिंह, पूर्व मंत्री संतोष निराला, प्रेम कुशवाहा प्रवक्ता व प्रखंड अध्यक्ष सुरेश चौहान, धीरज कुमार आदि लोग मौजूद थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here