-उचित कार्रवाई के लिए सचिव ने डीजी मुख्यालय को भेजा पत्र
बक्सर खबर। ब्रह्मपुर के अंचल निरीक्षक की गतिविधियां निष्पक्ष नहीं हैं। वे कई मामलों में नियमों व कानून की अनदेखी कर अपनी वाली कर रहे हैं। इतना ही नहीं कुछ गलत लोगों को संरक्षण भी दे रहे हैं। यह शिकायत पिछले दिनों युवा भाजपा नेता विजय मिश्रा ने गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद चौधरी से की थी। तीस जनवरी को विजय मिश्र ने उनसे मिलकर लिखित शिकायत दी । इस पत्र के संदर्भ की चर्चा करते हुए सचिव ने पुलिस महानिदेशक मुख्यालय को ब्रह्मपुर के इंस्पेक्टर के खिलाफ उचित कार्रवाई करने का पत्र निर्गत कर दिया है। उनके कार्यालय से 12 फरवरी को पत्र जारी हुआ है। पत्र में स्पष्ट है कि उनको इस अंचल से हटाया जाए।
इस संबंध में पूछने पर विजय मिश्रा ने कहा कि, अंचल निरीक्षक कुछ मामलों में घोर पक्षपात करते पाए गए हैं। कुछ स्थानीय युवाओं ने जब इस बारे में बताया तो हमें भी हैरानी हुई। सुशासन की सरकार में कोई पदाधिकारी कानून की अनदेखी कर अपनी वाला कैसे कर रहा है। कुछ ऐसे लोग भी हमसे मिले। जो उनके शोषण के शिकार हुए हैं। हमने उन शिकायतों को सीधे गृह विभाग राज्य सरकार के समक्ष रखा। विभाग ने अपने स्तर से कार्रवाई शुरू कर दी हैं। लेकिन, हम जिले के पुलिस कप्तान से भी आग्रह करते हैं। वे एक निष्पक्ष आईपीएस अधिकारी हैं। ऐसे इंस्पेक्टर को उन्हें निलंबित कर देना चाहिए।
































































































