-नाव किनारे करने गए मछुआरों ने देखा शव
बक्सर खबर। चौसा के बाजार घाट के समीप सोमवार की दोपहर युवक का शव देखा गया। पैंट शर्ट पहने युवक को देखकर लोग हतप्रभ रह गए। आखिर यह शव आया कहां से। कपड़े बता रहे थे, यह बहुत दूर से बहकर नहीं आया होगा। इसी उहापोह में शव मिलने की सूचना मुफस्सिल थाने को दी गई। पुलिस पहुंची तो उसे भी शव की हालत देख संदिग्ध प्रतीत हुआ। एफएसएल की टीम बुलाई गई। इस बीच आस-पास के बहुत से लोग वहां जमा हो गए।
लेकिन, कोई भी शव को पहचान नहीं पा रहा था। लोग आपस में चर्चा कर रहे थे। गंगा में पानी बहुत बढ़ा हुआ है। यह कहीं से बहकर तो नहीं आया। चौसा गांव की सीमा उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिला से लगी है। इस संबंध में थानाध्यक्ष अरविंद कुमार से पूछा गया। उन्होंने कहा हमने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। अभी उसकी पहचान नहीं हो पाई है। उसके बदन पर चेकदार टी शर्ट व मटमैले रंग का पैंट था।
































































































