– 75 लाख की मांगी थी फिरौती, आरा से हुआ बरामद
बक्सर खबर। दो वर्ष के मासूम बच्चे का अपहरण किराएदार ने ही कर लिया था। किसी को इस घटना पर विश्वास नहीं हो रहा था। क्यूं कि वारदात को अंजाम देने वाला युवक बहुत ही कम उम्र का हैं। उसने स्वयं को छात्र बताकर किराए पर घर लिया था। नया बाजार मठिया मोड निवासी विष्णु कुमार के यहां वह पिछले कुछ दिनों से रह रहा था। रविवार की शाम जब उनका बच्चा शिवम कुमार लापता दिखा तो उसकी तलाश शुरू हुई। घटना शाम छह बजे के लगभग की है। परिवार वालों का ध्यान उस युवक की तरफ गया। जो अभय नाम से उनके यहां रह रहा था। वह भी लापता था।
घर वालों को विश्वास हो गया। उसी ने घटना को अंजाम दिया है। उसके आधार कार्ड की कॉपी घर वालों के पास थी। उसे नगर थाने को सौंपा गया। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। इसी बीच बक्सर खबर को इसकी भनक लगी। रविवार की रात एक बजे खबर प्रकाशित हुई। तभी पुलिस के वरीय अधिकारियों का संदेश आया। अपराधी बच्चे के साथ गलत कर सकते हैं। तत्काल खबर रोक दी गई। एसपी स्वयं रात चार बजे तक जगे रहे। पुलिस संभावित स्थानों पर उसे तलाश रही थी। इसी बीच आज सुबह अपहरण कर्ता का फोन आया। बच्चे के एवज में 75 लाख रुपये मांगे। घर वाले परेशान, क्या किया जाए। वे अपनी सारी संपति बेचकर देने को तैयार हो गए।
लेकिन, पुलिस ने उसे आज सोमवार की दोपहर आरा में दबोच लिया। वह युवक पैदल ही बच्चे को लिए अकेले चला जा रहा था। बरामदगी की सूचना मिलने के बाद एसपी यूएन वर्मा से इस बारे में पूछा गया। तो उन्होंने कहा, बच्चा बरामद कर लिया गया है। युवक की शिनाख्त की जा रही है। जो स्वयं को कटिहार का बता रहा है। ऐसा हो सकता है, नाम व आधार कार्ड गलत हो। उसके साथ किन लोगों ने दिया है। इसकी पूछताछ हो रही है। लेकिन, पूरी रात जगकर बच्चे की बरामदगी के लिए प्रयास करने वाले एसपी की आवाज में सफलता की खनक थी। उन्होंने कहा, पूरे मामले की जानकारी मीडिया को कल दी जाएगी।


































































































