आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई में मोबाइल और नकदी बरामद बक्सर खबर। दानापुर से प्राप्त सूचना के आधार पर बीती रात आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चलती ट्रेन में चोरी की घटना को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 01144 दानापुर-मुंबई लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस में बरुना और बक्सर रेलवे स्टेशन के बीच चोरी की वारदात हुई। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधियों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन से कूदकर फरार होने की कोशिश की, लेकिन सूचना मिलते ही सक्रिय हुई सुरक्षा बलों की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों को धर दबोचा। तलाशी के दौरान गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक मोबाइल फोन, 6490 रुपये नकद और एक ब्लेड बरामद किया गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान राज कुमार 21 वर्ष, पिता अनिल कुमार, निवासी पटना साहिब तथा फिरदौस आलम 40 वर्ष, पिता नियाज आलम, निवासी सीलमपुर, उत्तर-पूर्वी दिल्ली वर्तमान पता दिलदार नगर के रूप में हुई है।
इधर, एक अन्य कार्रवाई में आरपीएफ एवं जीआरपी की संयुक्त टीम ने स्थानीय रेलवे स्टेशन के पूर्वी यार्ड से यात्री सामान चोरी कर भाग रहे दो युवकों को भी गिरफ्तार किया। सुरक्षा बलों की सतर्कता के कारण दोनों आरोपितों को मौके पर ही दबोच लिया गया। गिरफ्तार युवकों के पास से एक महिला का पर्स, एक एंड्रॉइड मोबाइल फोन तथा दो ब्लेड बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी यात्री सामान चोरी कर फरार होने की फिराक में थे, लेकिन समय रहते कार्रवाई कर उन्हें पकड़ लिया गया। इनकी पहचान मंगल 28 वर्ष, पिता श्याम लाल, निवासी कुरपिया, जिला ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड तथा राम चंद्र माली 30 वर्ष, पिता राजेंद्र माली, निवासी कोईलवर, जिला भोजपुर के रूप में की गई है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।






























































































