गौरी शंकर मंदिर में संपन्न हुई आठवीं महाआरती, डमरू वादन और भजनों से गुंजायमान हुआ मंदिर परिसर बक्सर खबर। शहर के प्रसिद्ध गौरी शंकर मंदिर प्रांगण में आयोजित मासिक शिवरात्रि महाआरती ने बुधवार की शाम पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। श्री गौरी शंकर मंदिर एवं परिसर विकास समिति, सोहनी पट्टी के तत्वावधान में आयोजित आठवीं महाआरती में हजारों की संख्या में महिला और पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए। हर-हर महादेव और गौरीशंकर बाबा की जय के जयघोष से मंदिर परिसर देर रात तक गुंजायमान रहा। संध्या बेला में सरस्वती संगीतायन के कलाकारों द्वारा भजन संध्या प्रस्तुत की गई। शिव तांडव और बम-बम भोले जैसे भजनों पर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
इसके बाद आयुष पांडेय के नेतृत्व में भव्य महाआरती संपन्न हुई। उत्तर प्रदेश के बलिया निवासी अभय शास्त्री जी एवं उनकी मंडली द्वारा डमरू वादन ने कार्यक्रम में विशेष आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार किया। डमरू की गूंज और शंखनाद के बीच जब दीपों की श्रृंखला एक साथ लहराई, तो पूरा परिसर दिव्यता से आलोकित हो उठा। मंदिर को रंगीन झालरों और आकर्षक लाइटों से सुसज्जित किया गया था, जिससे पूरा प्रांगण अत्यंत मनोहारी प्रतीत हो रहा था। सोहनी पट्टी के नन्हे कलाकार सत्यराज सिंहा द्वारा किया गया बाबा का भव्य श्रृंगार श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा।

समिति के अध्यक्ष संजय मिश्र ने बताया कि इस माह 15 फरवरी को महाशिवरात्रि के अवसर पर शिव-पार्वती विवाहोत्सव भव्य रूप से संपन्न कराया जाएगा। इसी क्रम में मासिक महाआरती को शुभ हल्दी उत्सव के रूप में आयोजित किया गया। बुधवार की सुबह श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से गौरीशंकर बाबा को हल्दी अर्पित की। इसके उपरांत शहर में शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। भक्तों के हाथों में भगवा ध्वज और भक्ति गीतों की धुनों ने पूरे नगर को शिवमय कर दिया। महाआरती के उपरांत समिति के सदस्यों ने प्रसाद का वितरण किया। गुरुवार को मंदिर परिसर में मेहंदी रस्म भी वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुई। महिला श्रद्धालु हरे वस्त्रों में सुसज्जित होकर भगवान शिव और माता पार्वती को मेहंदी अर्पित करती नजर आईं।































































































