कागजात न दिखाने पर संचालकों पर गिरी कानूनी गाज, जांच के बाद होगी कार्रवाई बक्सर खबर। महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर निकाली गई शिव बारात के दौरान बिना अनुमति डीजे बजाने के मामले में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। टाउन थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार डीजे संचालकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। मिली जानकारी के अनुसार रविवार को शहर के विभिन्न मोहल्लों से पारंपरिक शिव बारात निकाली गई थी। बारात में श्रद्धालुओं की भीड़ के साथ डीजे की तेज ध्वनि पर जुलूस आगे बढ़ रहा था। इसी दौरान ज्योति प्रकाश चौक के समीप ड्यूटी पर तैनात एसआई गुड्डी कुमारी ने डीजे संचालकों से अनुमति संबंधी कागजात प्रस्तुत करने को कहा।
पुलिस के अनुसार डीजे संचालक वैध अनुमति से संबंधित कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद कार्रवाई करते हुए महेश बाबू, टाइगर डीजे, आदित्य डीजे और एपी डीजे के विरुद्ध टाउन थाना में एफआईआर दर्ज की गई। टाउन थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने पत्रकारों को बताया कि प्रशासन की स्पष्ट मंशा है कि किसी भी धार्मिक या सार्वजनिक आयोजन में नियमों का पालन अनिवार्य रूप से किया जाए। बिना अनुमति ध्वनि विस्तारक यंत्रों के प्रयोग पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
































































































