अमला टोली की महिलाओं ने पीली साड़ी पहन दी भावभीनी विदाई, गजाधर गंज मोहल्ले की महिलाओं ने बंगाली अंदाज में की पूजा-अर्चना बक्सर खबर। दुर्गा पूजा और विजयादशमी के समापन पर शुक्रवार को शहर मां दुर्गा की विदाई का गवाह बना। पहाड़ों वाली मां और शेरावाली माता को भक्तों ने नम आंखों से विदा किया। बड़ी देवी दुर्गा पूजा समिति अमला टोली मेन रोड और गजाधर गंज मोहल्ला समिति ने इस मौके पर खास तैयारियां की थीं।
नगर दर्शन के लिए निकली भव्य शोभा यात्रा में विदाई गीत, गाजे-बाजे और गुलाल के बीच महिला-पुरुष श्रद्धालुओं के साथ बच्चे-बच्चियां भी शामिल हुए। एक-दूसरे को गुलाल लगाकर लोगों ने दशहरे की शुभकामनाएं दीं। बड़ी देवी समिति की महिलाओं ने पीली साड़ी पहनकर मां को विदाई दी, वहीं गजाधर गंज मोहल्ले की महिलाओं ने लाल रंग की साड़ी बंगाली शैली में धारण कर पूजा-अर्चना की।

उन्होंने बताया कि दुर्गा पूजा बंगाल का प्रसिद्ध त्योहार है, हम इसे बंगाली परंपरा से जोड़कर मनाते हैं।माता की विदाई के समय कई महिलाओं की आंखें छलक उठीं। भावुक होकर उन्होंने कहा, पूरे नवरात्र मां की आराधना की, अब जा रही हैं तो आंखें नम हैं। माता रानी सबको सुख और समृद्धि का आशीर्वाद दें। इसी मंगलकामना के साथ भव्य करवा विसर्जन शोभा यात्रा गंगा तट की ओर बढ़ गई।