-दूध बेचने वाले साइकिल सवार को बचाने में हुई दुर्घटना, वह भी घायल
बक्सर खबर। कौवाखोच-जलहरा नहर मार्ग पर मंगलवार की सुबह आठ बजे दर्दनाक सड़क दुर्घटना हो गई। दो बाइक सवार युवक नहर में जा गिरे और उनकी मौत हो गई। मृतक रोहित चौधरी ( उम्र लगभग-17-18 वर्ष) पुत्र झगडू चौधरी, मनीष चौधरी (19वर्ष) पुत्र धीरेन्द्र चौधरी, दोनों ग्राम परसदा, थाना धनसोई के रहने वाले थे। ग्रामीण सूत्रों के अनुसार वे बाइक से सुबह जलहरा की तरफ जा रहे थे। तभी नहर मार्ग पर रसेन गांव के विद्यालय वाली पुल के पास यह दुर्घटना हुई।
दूध बेचने जा रहे साइकिल सवार सुभाष यादव (40) ग्राम छितनडेरा को बचाने के क्रम में उनकी बाइक दुर्घटना का शिकार हो गई। दोनों युवक सड़क पर गिरे और रगड खाते हुए नहर में जा गिरे। साइकिल सवार भी घायल हो गए। गांव के लोगों को इसकी भनक मिली तो वे वहां आए और दोनों युवकों को बाहर निकाला। लेकिन उनकी सांसे नहीं चल रहीं थी। स्थानीय प्रतिनिधियों की मदद से उन्हें राजपुर अस्पताल ले जाया गया। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
सूत्रों के अनुसार घायल सुभाष यादव को बेहतर उपचार के लिए वाराणसी रेफर किया गया है। इस दौरान सूचना मिलते ही मौके पर राजपुर के थानाध्यक्ष युसूफ अंसारी भी पहुंचे थे। ग्रामीण सूत्रों ने बातचीत के क्रम में यह भी बताया कि यह दोनों युवक बाहर रहकर काम करते थे। दिवाली के मौके पर गांव लौटे थे। लेकिन, काल ने उन्हें अपना शिकार बना लिया।


































































































