शहर में ट्रक एंट्री माफिया का भंडाफोड़, दो गुर्गे गिरफ्तार

0
0

पुलिसकर्मियों की मिलीभगत और 1200 रुपए की अवैध वसूली का पर्दाफाश                                                 बक्सर खबर। नगर थाना पुलिस ने जिले में सक्रिय ट्रक एंट्री माफिया के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर अवैध तरीके से ओवरलोडेड और बिना कागजात वाले ट्रकों को पास कराने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह विभाग के कर्मियों से मिलीभगत कर बक्सर और रोहतास के रास्ते ट्रकों को पार कराता था। पुलिस के अनुसार, 11 मार्च की भोर करीब 3:20 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि एक काले रंग की बोलेरो (BR06PF2678) में सवार कुछ लोग ट्रकों की सेटिंग कर उन्हें शहर से पार कराने के लिए आईटीआई मोड़ की तरफ आ रहे हैं। पुलिस ने जब घेराबंदी कर उन्हें रुकने का इशारा किया, तो चालक बोलेरो को साइड से भगाकर भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर कॉलेज गेट के पास उन्हें दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गंगा दयाल (20 वर्ष) और भरत सिंह (24 वर्ष) के रूप में हुई है।

पकड़े गए आरोपियों के मोबाइल की जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। गंगा दयाल के फोन में ‘बक्सर मोबाईल एसआई’ नाम का एक व्हाट्सएप ग्रुप पाया गया, जिसका वह खुद एडमिन था। इस ग्रुप में बक्सर चेक पोस्ट और विभाग के कई कर्मियों के नाम से नंबर सेव थे। पुलिस को ग्रुप में ट्रकों के नंबर, मोबाइल नंबर और ऑनलाइन रुपयों के लेनदेन के पुख्ता सबूत मिले हैं। जांच में पता चला कि प्रतिदिन 15 से 20 कोयला और भूसी लदे ट्रकों को अवैध रूप से पास कराया जाता था। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अपने चाचा अरुण पहलवान चौसा निवासी (जो पहले इसी जुर्म में जेल जा चुके हैं) के नेटवर्क के माध्यम से यह काम करते थे।

गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस को बताया कि हम एक ट्रक पास कराने के एवज में मालिक या चालक से 1200 रुपये वसूलते थे। इसमें से 500 रुपये संबंधित विभाग के पदाधिकारियों और कर्मियों को दिए जाते थे ताकि ट्रक बिना किसी जांच के शहर और चेक पोस्ट से पार हो सकें। नगर थाना में तैनात महिला सब-इंस्पेक्टर शुभम कुमारी के आवेदन पर पुलिस ने कांड संख्या 139/26 दर्ज कर ली है। इसमें भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं समेत भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य रसूखदारों और विभागीय कर्मियों की तलाश में जुट गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here