वर्षा पांडेय के नेतृत्व में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, हजारों की भीड़ ने दिखाई एकजुटता बक्सर खबर। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जिला मुख्यालय पूरी तरह देशभक्ति के रंग में रंग गया। गुरुवार सुबह भाजपा नेत्री और आर्ट ऑफ लिविंग की लाइफ कोच वर्षा पांडेय के नेतृत्व में निकली भव्य तिरंगा यात्रा ने शहर के माहौल को देशप्रेम से सराबोर कर दिया। सुबह 8 बजे ऐतिहासिक किला मैदान से शुरू हुई यह यात्रा शहर के मुख्य मार्गों से गुजरते हुए मुनीम चौक तक पहुंची और पुनः किला मैदान में सम्पन्न हुई। जगह-जगह लोगों ने तिरंगा लेकर यात्रा का स्वागत किया, जलपान कराया और देशभक्ति गीतों से माहौल को और भी जोशीला बना दिया।
इस यात्रा में शहर और गांव से आए सैकड़ों नागरिक शामिल हुए, जिन्होंने पार्टी से ऊपर उठकर देश के प्रति अपनी निष्ठा दिखाई। एनसीसी कैडेट, पूर्व सैनिक, आईएमए, रोटरी क्लब, लायंस क्लब, रेड क्रॉस, रामलीला समिति, गायत्री परिवार, जिला व्यापार संगठन, विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, भाजपा युवा मोर्चा, एबीवीपी, भाजपा महिला मोर्चा, किसान मोर्चा, अल्पसंख्यक मोर्चा, अनुसूचित जाति एवं जनजाति मोर्चा के कार्यकर्ता उत्साह से कंधे से कंधा मिलाकर चले। ग्लोबल विजडम स्कूल सहित कई नामी स्कूलों के छात्रों ने तिरंगे झंडे लहराकर यात्रा की शोभा बढ़ाई। वहीं, भूतपूर्व सैनिकों, व्यापारियों, शिक्षकों और महिलाओं का जोश देखते ही बनता था।

यात्रा के दौरान वीर कुंवर सिंह और शहीद भगत सिंह की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उनके शौर्य और बलिदान को याद किया गया। इस मौके पर वर्षा पांडेय ने कहा कि “तिरंगा यात्रा का मकसद सिर्फ उत्सव नहीं, बल्कि नागरिकों को अपने कर्तव्यों की याद दिलाना और आने वाली पीढ़ी में देश के प्रति गर्व की भावना जगाना है।” शहर की गलियों से लेकर गांव की चौपाल तक, लोग चर्चा कर रहे हैं कि बक्सर को अब ऐसा प्रतिनिधि चाहिए जो जनता के बीच रहे और जनता के साथ चले।