ट्रेन में झपटमारी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, चार गिरफ्तार

0
400

महिला यात्री का मोबाइल छीनकर भाग रहा आरोपी अमृत भारत एक्सप्रेस से पकड़ा गया                                  बक्सर खबर। रेलवे में यात्रियों के सामान की चोरी और झपटमारी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। कार्रवाई के दौरान ट्रेन से मोबाइल झपटने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जानकारी के अनुसार गुरुवार को संयुक्त टीम द्वारा स्थानीय स्टेशन पर निगरानी के दौरान अमृत भारत एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 22362) से एक महिला यात्री का मोबाइल खिड़की से झपट्टा मारकर भाग रहे एक युवक को रंगे हाथ पकड़ लिया गया। पकड़े गए युवक की पहचान नगर थाना क्षेत्र के सुहेल अंसारी, पिता अलाउद्दीन अंसारी, निवासी गजाधर गंज के रूप में हुई।

पूछताछ में मिली जानकारी और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने उसके गिरोह के दो अन्य साथियों को स्टेशन परिसर से गिरफ्तार कर लिया। इनकी पहचान सुहेल खान, पिता लुकमान खान, निवासी गजाधर गंज तथा धर्मेंद्र कुमार, पिता रामप्रवेश सिंह, निवासी ग्राम एवं थाना कोरान सराय के रूप में हुई। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में खुलासा हुआ कि वे ट्रेन से यात्रियों के कीमती मोबाइल और अन्य सामान चोरी कर उन्हें शहर के स्टेशन रोड स्थित गजाधर गंज के मो. नासिर की मोबाइल दुकान पर बेच देते थे। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने उक्त दुकान पर छापेमारी की, जहां से पहले चोरी कर बेचे गए दो महंगे मोबाइल फोन बरामद किए गए। साथ ही दुकानदार मो. नासिर को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि उनकी आपसी दोस्ती आरा जेल में हुई थी। वे पहले भी ट्रेन में मोबाइल चोरी के मामले में जेल जा चुके हैं। जेल से बाहर आने के बाद सभी ने मिलकर फिर से यात्रियों के सामान चोरी करने का गिरोह बना लिया। पूरी कार्रवाई आरपीएफ निरीक्षक प्रभारी कुंदन कुमार और जीआरपी प्रभारी विकास कुमार के निर्देशन में की गई। संयुक्त टीम में उप निरीक्षक विजेंद्र मुवाल, प्रधान आरक्षी राजेश कुमार, आरक्षी बृजेश कुमार सिंह तथा जीआरपी के हवलदार राजेंद्र मिश्रा सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध जीआरपी थाना में विधिसम्मत कार्रवाई शुरू कर दी है। इनके पास से एक लेडीज पर्स जिसमें दो सौ रुपए, चार पीस मोबाइल फोन और एक अदद ब्लेड बरामद किया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here