बीआरसी में राष्ट्रीय आविष्कार अभियान कार्यक्रम आयोजित बक्सर खबर। विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने और जिज्ञासा आधारित सीखने को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शहर के बुनियादी विद्यालय परिसर स्थित प्रखंड संसाधन केंद्र में शनिवार को विज्ञान प्रदर्शनी एवं क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी राजेश कुमार राम ने की, जबकि संचालन प्रधानाध्यापक संजीव कुमार तिवारी एवं डॉ. सुरेंद्र कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से किया। प्रदर्शनी दो वर्गों, कक्षा 6 से 8 तथा 9 से 12 में आयोजित हुई। बच्चों ने विकसित भारत के लिए विज्ञान एवं नवाचार, कृत्रिम बुद्धिमत्ता तथा क्वांटम युग का आगाज जैसे समसामयिक विषयों पर अपने मॉडल प्रस्तुत किए। निर्णायक मंडल में शिल्पम कुमारी, संध्या सिंहा, सत्यानारायण सिंह, सोनिया सिंह और धीरज पांडेय सहित अन्य शिक्षक शामिल रहे।
कक्षा 6 से 8 में मध्य विद्यालय गोविंदपुर के अंकित कुमार और खुशबू कुमारी ने विज्ञान प्रदर्शनी में पहला स्थान हासिल किया। वहीं क्विज प्रतियोगिता में मध्य विद्यालय गौरीशंकर की छात्राएं मनीषा कुमारी और नंदनी कुमारी विजेता रहीं। कक्षा 9 से 12 वर्ग में नेहरू उच्च विद्यालय की रोजी खातून और अंजलि ने विज्ञान प्रदर्शनी में प्रथम स्थान प्राप्त किया। क्विज में उच्च विद्यालय नदांव की रंजनी कुमारी और खुशी कुमारी अव्वल रहीं। कार्यक्रम में उपस्थित प्रधानाध्यापक गिरीश कुमार पांडेय, अशोक कुमार पांडेय और संजय यादव ने बच्चों को मेडल एवं कॉपी-पेन देकर उत्साहवर्धन किया। आयोजन को सफल बनाने में बीआरसी के राहुल सिन्हा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
































































































