-प्रखंड मुख्यालय पर पार्टी कार्यालय का हुआ शुभारंभ, एकजुटता का दिया संदेश
बक्सर खबर। राष्ट्रीय जनता दल राजपुर विधानसभा में अपना उम्मीदवार उतारे। यहां विकास नगण्य है। यह मुद्दा गुरुवार के कार्यकर्ता सम्मेलन में पुरजोर ढंग से उठा। बतौर मुख्य अतिथि बैठक में शामिल हुए सांसद सुधाकर सिंह ने कहा, परेशान होने की जरुरत नहीं है। यहां का विकास होगा। हम स्वयं इसके लिए प्रयासरत हैं। यहां की सड़क के लिए करोड़ों रुपये का आवंटन मिला है। इस समय ध्यान देना हैं विधानसभा चुनाव पर। कुछ ही दिनों में इसका बिगुल बजने वाला है। पूरे शाहाबाद पर महागठबंधन का कब्जा है। इसे बरकरार रखना है।
नीतीश की सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। ऐसे अधिकारियों को चुनाव में लगाया गया है। जिनकी सेवा अवधि छह-सात माह शेष है। उनका मकसद बेईमानी करना है। हमें इसका मिलकर जवाब देना है। उन्होंने कहा कि इस सरकार ने महिलाओं के लिए कुछ नहीं किया। अब चुनाव सामने हैं तो दस-दस हजार रुपये देकर महिलाओं को झांसा दे रही है। जबकि हमारी पार्टी ने तय किया है। अगर राजद की सरकार बनी तो सभी महिलाओं को 2500 रुपये प्रतिमाह दिया जाएगा। यह कार्यकर्ता बैठक राजपुर प्रखंड मुख्यालय पर पंचायत मुखिया अनिल सिंह के अहाते में हुई।

जिसका शुभारंभ सांसद के साथ जिलाध्यक्ष शेषनाथ यादव, प्रदेश महासचिव निर्मल कुशवाहा, प्रदेश सचिव कुमारी श्वेता पाठक, महिला प्रदेश सदस्य पूजा कुमारी, झुग्गी झोपड़ी प्रदेश अध्यक्ष संतोष भारती आदि ने संयुक्त रुप से किया। साथ ही प्रखंड मुख्यालय पर कार्यालय का उद्घाटन भी किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष उमेश यादव व संचालन मुखिया अनिल सिंह ने किया।

इस दौरान विधानसभा क्षेत्र के सक्रिय कार्यकर्ताओं ने अंगवस्त्र भेंट का सांसद का स्वागत किया और एकजुटता का परिचय दिया। राजपुर के मुखिया अनिल सिंह ने सभी पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया और दल को मजबूत बनाने की बात कही। बैठक में मीडिया प्रभारी हरेन्द्र सिंह, बृजबिहारी सिंह, बसंती देवी, हिरामन कुमार, असगर मुखिया, विनोद मुखिया, अरमान मुखिया, तेजनारायण उर्फ हाला पांडेय, राजेश सिंह, शिरंग सिंह समेत बड़ी संख्या में पार्टी के सदस्य उपस्थित रहे।