13 मार्च को जाना था दुबई, नशे की हालत में विवाद के बाद घटी घटना बक्सर खबर। नगर थाना क्षेत्र के मल्लाह टोली मोहल्ले में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान सविता देवी, पति नंद जी चौधरी के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि सविता की शादी वर्ष 2024 में हुई थी और वह लगभग तीन माह की गर्भवती थी। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार उसके पति नंद जी चौधरी दुबई में रहकर काम करते हैं। पिछले पांच महीनों से वह छुट्टी लेकर घर पर ही थे। 13 मार्च को उन्हें पुनः दुबई लौटना था, जिसके लिए उन्होंने टिकट भी ले रखा था। सूत्रों के अनुसार पति कभी-कभी शाम के समय शराब का सेवन करता था। शुक्रवार की शाम भी वह नशे में था।
इसी दौरान किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। शनिवार की सुबह सविता का शव कमरे में फंदे से लटका हुआ पाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दाह संस्कार संपन्न होने के बाद पुलिस ने रविवार की देर रात कार्रवाई करते हुए पति नंद जी चौधरी, उनके चाचा और चाची को हिरासत में ले लिया। तीनों से नगर थाना में गहन पूछताछ की जा रही है। हालांकि खबर लिखे जाने तक इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई गई थी। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद मल्लाह टोली इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। गर्भवती महिला की संदिग्ध मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। लोग इसे आत्महत्या, तो कुछ हत्या से जोड़कर देख रहे हैं। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और मामले की सच्चाई सामने लाने का प्रयास जारी है।































































































