20 या 21 मार्च को मनाया जाएगा ईद, शांतिपूर्ण त्योहार मनाने की अपील बक्सर खबर। चांद के दीदार के अनुसार इस वर्ष 20 या 21 मार्च को ईद-उल-फितर का त्योहार पूरे उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इसी कड़ी में शहर के मुसाफिर गंज स्थित मदरसा दारुल उलूम अशरफिया मुख्तारुल उलूम द्वारा अनुमंडल पदाधिकारी को पत्र प्रेषित कर शहर की विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों में होने वाली सामूहिक नमाज के समय की सूची सौंप दी गई है। नमाज के दौरान सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। चिन्हित किए गए सभी स्थलों पर प्रशासन द्वारा मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गई है, ताकि अकीदतमंदों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
प्रमुख मस्जिदों व ईदगाहों में नमाज का समय- बड़ी मस्जिद सुबह 8.15 बजे, कचहरी मस्जिद 8.00, मुसाफिर गंज मस्जिद 7.45, मस्जिद गजाधर गंज 8.00, ईदगाह बड़ी सारिमपुर 7.45, जामा मस्जिद सारिमपुर 8.00, मस्जिद सिविल लाइन 7.30, नूरी मस्जिद सोहनी पट्टी 8.00, मस्जिद दूध पोखरी कोइरपुरवा 8.30, मस्जिद तुर्कपुरवा 7.45 अन्य स्थानीय मस्जिदों में भी सुबह 7:30 से 8:30 के बीच नमाज अदा की जाएगी। दारुल उलूम के सचिव डॉ. मो. निसार अहमद और अध्यक्ष मो. मुहर्रम अली द्वारा जारी इस सूचना के साथ ही स्थानीय कमिटियों ने सभी से शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मनाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। नगर परिषद और पुलिस प्रशासन को भी विशेष सफाई व सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने का अनुरोध किया गया है।

































































































