राष्ट्रीय लोक मोर्चा का सम्मान समारोह, मंत्री दीपक प्रकाश और विधायक संतोष निराला हुए सम्मानित बक्सर खबर। राष्ट्रीय लोक मोर्चा की ओर से शनिवार को शहर के बाईपास रोड स्थित एस.एस. पैलेस में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री ई. दीपक प्रकाश एवं पूर्व मंत्री सह राजपुर विधायक संतोष कुमार निराला को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ-साथ एनडीए गठबंधन के अन्य दलों के नेता और समर्थक भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। समारोह की अध्यक्षता राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष बबन सिंह कुशवाहा ने की, जबकि संचालन युवा प्रदेश प्रधान महासचिव अरुण कुशवाहा ने किया। कार्यक्रम में उत्साह और संगठनात्मक एकजुटता साफ तौर पर देखने को मिली।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि कार्यकर्ता ही पार्टी और संगठन की असली ताकत होते हैं। उन्हीं की मेहनत और समर्पण के कारण बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए को अपार जनसमर्थन मिला, सरकार बनी और उन्हें मंत्रिमंडल में जिम्मेदारी मिली। उन्होंने बताया कि विभागीय कार्यों की समीक्षा के लिए वे पहली बार बक्सर पहुंचे हैं और कार्यकर्ताओं द्वारा मिले स्नेहपूर्ण स्वागत से वे बेहद प्रसन्न हैं। मंत्री ने बताया कि पंचायती राज विभाग से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा कर अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि विकास कार्यों में तेजी लाई जाए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार जनता के हितों के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और विभाग से जुड़े मामलों का निपटारा तेजी से किया जाएगा।

सम्मान समारोह से पहले मंत्री दीपक प्रकाश ने ज्योति प्रकाश चौक पर कम्युनिस्ट नेता कामरेड ज्योति प्रकाश की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेता बबन सिंह कुशवाहा के साथ यादगार सेल्फी भी ली। इस दौरान सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने जेसीबी से गुलाब की पंखुड़ियों की बरसात कर नए मंत्री का भव्य स्वागत किया, जिससे पूरा इलाका उत्सव के रंग में रंग गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रदेश उपाध्यक्ष दिनानाथ ठाकुर, प्रदेश महासचिव मनोज कुशवाहा, प्रदेश महासचिव बिहारी पासवान, जिला उपाध्यक्ष प्रकाश कुशवाहा, प्रदेश युवा महासचिव हिटलर कुशवाहा, पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष विंध्याचल सिंह कुशवाहा, संजय सिंह कुशवाहा तथा अर्जुन कुशवाहा की अहम भूमिका रही।






























































































