भगवान वामन की रथयात्रा में उमड़ा जनसागर

0
88

रथ खींचने को लेकर भक्तों में होड़, जगह-जगह पुष्प वर्षा और आरती                                                             बक्सर खबर। वामन द्वादशी के पावन अवसर पर गुरुवार को पूरा शहर भक्ति के रंग में रंग गया। भगवान वामन चेतना मंच के तत्वावधान में आयोजित भव्य रथयात्रा और वामन जयंती महोत्सव ने पूरे वातावरण को दिव्यता और श्रद्धा से भर दिया। यात्रा की शुरुआत रामरेखा घाट स्थित रामेश्वर नाथ मंदिर से हुई। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आचार्य कृष्णानंद शास्त्री और संजय शास्त्री ने पूजन-अर्चन कर रथयात्रा का शुभारंभ किया। इस दौरान शंखनाद और “जय वामन भगवान” के जयघोष से वातावरण गूंज उठा। भगवान वामन का अलंकृत रथ जैसे ही आगे बढ़ा, भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। रथ खींचने की रस्सी पकड़ने को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखा गया। सड़क के दोनों किनारे भक्त भगवान वामन के दर्शन के लिए खड़े नजर आए। रथयात्रा शहर के प्रमुख मार्गों पीपी रोड, यमुना चौक, मुनीम चौक, नगर थाना, किला मैदान, जेल रोड से होते हुए सोमेश्वर स्थान स्थित वामन धाम पहुंची। इस दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा की और आरती उतारी। वामन धाम पहुंचने पर भव्य आरती हुई और महाप्रसाद का वितरण किया गया।

बिहार और उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए श्रद्धालु इस दिव्य आयोजन के साक्षी बने। पूरा दिन भगवान वामन की पूजा-अर्चना और दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। संतों ने प्रवचन में बताया कि भगवान विष्णु के पांचवें और प्रथम मानव अवतार वामन ने असुरराज बलि को तीन पग भूमि के बहाने छलपूर्वक परास्त किया और धर्म की रक्षा की। संतों ने कहा कि यह अवतार असुर शक्ति पर धर्म की विजय और दानशीलता के महत्व का प्रतीक है। मुख्य अतिथि के रूप में पूज्य जीयर स्वामी जी महाराज के शिष्य अयोध्या नाथ जी महाराज मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पारस नाथ ओझा ने की और संचालन संजय ओझा ने किया। मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष मृत्युंजय तिवारी ने भगवान वामन पंचकोसी कॉरिडोर और बक्सर धाम को पर्यटक स्थल घोषित करने की मांग रखी।

फोटो – शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालु

अतिथियों को भगवान वामन की तस्वीर और अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का आभार ज्ञापन प्रमोद चौबे ने किया। कार्यक्रम में सांसद सुधाकर सिंह, पूर्व मंत्री संतोष कुमार निराला, आनंद मिश्र, विनोद चौबे, रानी चौबे, वर्षा पांडेय, श्वेता पाठक, भोजपुरी गायक आर्यन बाबू, प्रकाश पांडेय, शिवजी खेमका, अवधेश पाण्डेय, संजय चौधरी, मनोज तिवारी, चमन दुबे, आनंद पांडेय, अभिषेक ओझा, सरोज तिवारी, दयानंद उपाध्याय, कमलाकर ओझा, मनोज दुबे, पीयूष पांडेय, पुष्पांजलि देवी, पूर्व मंत्री संतोष कुमार निराला, डॉ. रंगनाथ तिवारी, डॉ. राजेश मिश्र, तथागत हर्षवर्धन, बजरंगी मिश्र, शेषनाथ सिंह, चुनमुन चौबे, विजय मिश्र, प्रदीप दुबे, संजय दास, राकेश दुबे, आशुतोष चतुर्वेदी, ढ़ुन्नू लाल समेत हजारों की संख्या में श्रद्धालु और भक्त उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here