हाई-टेक सर्वे शुरू, यूनिक नंबर प्लेट से पहचानें जाएंगे घर

0
742

जीआईएस तकनीक से तैयार होगा बेस मैप, डिजिटल पोर्टल पर उपलब्ध रहेगी शहर की पूरी कुंडली                               बक्सर खबर। शहर के नियोजित विकास और नागरिक सुविधाओं को आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में नगर परिषद, बक्सर ने एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक कदम उठाया है। गुरुवार को नगर परिषद सभागार में सभापति कमरुन निशा, उपसभापति बेबी देवी एवं कार्यपालक पदाधिकारी कुमार ऋत्विक की उपस्थिति में जीआईएस बेस मैप एवं संपत्ति सर्वेक्षण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया। यह कार्य नगर विकास एवं आवास विभाग, बिहार सरकार द्वारा निर्गत कार्यादेश के तहत कराया जा रहा है। विभाग के निर्देशानुसार यह परियोजना दो चरणों में पूरी की जाएगी। प्रथम चरण में अत्याधुनिक जीआईएस तकनीक के माध्यम से पूरे शहर का विस्तृत बेस मैप तैयार किया जाएगा। वहीं द्वितीय चरण में वीवीएन टेक्नोलॉजी की टीम घर-घर जाकर संपत्तियों का गहन सर्वेक्षण करेगी। सर्वेक्षण की शुरुआत वार्ड संख्या 3 से की जा रही है। इस परियोजना का सबसे बड़ा लाभ यह होगा कि सर्वेक्षण के बाद शहर के प्रत्येक घर को एक यूनिक हाउस आईडी प्रदान की जाएगी।

इसी आधार पर नगर परिषद द्वारा आधिकारिक नंबर प्लेट जारी की जाएंगी। इससे न केवल घरों की पहचान सरल होगी, बल्कि समस्त जानकारी नगर परिषद के डिजिटल पोर्टल पर भी उपलब्ध रहेगी। सर्वेक्षण के दौरान शहर की सड़कों, रेलवे लाइनों, नदी-नालों, नहरों, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के साथ-साथ खाली पड़ी भूमि का भी सटीक सीमांकन किया जाएगा। इससे भविष्य की शहरी योजनाओं को बेहतर ढंग से धरातल पर उतारने में मदद मिलेगी। कार्यपालक पदाधिकारी कुमार ऋत्विक ने कहा कि यह एक बहुउद्देशीय सामाजिक-आर्थिक सर्वेक्षण है। इससे नगर निकाय की सीमाओं, वार्डों एवं स्लम क्षेत्रों का वैज्ञानिक मानचित्र तैयार होगा। इस डेटाबेस के माध्यम से न केवल योजनाओं का निर्माण और क्रियान्वयन प्रभावी होगा, बल्कि प्रत्येक वार्ड के राजस्व संग्रह में पारदर्शिता और सुगमता भी आएगी। इस कार्य की निगरानी हेतु एटीपीएस वंदना को नोडल पदाधिकारी बनाया गया है। वीवीएन टेक्नोलॉजी की तकनीकी टीम के साथ समन्वय के लिए नगर परिषद द्वारा एक विशेष टीम गठित की गई है, जिसमें सिटी मैनेजर राज मणि, टैक्स कलेक्टर नरसिंह चौबे , अमीन तिलेश्वर , सहायक अमित, वाहिद एवं अशोक शामिल हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here