राष्ट्रीय खेल दिवस पर हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि बक्सर खबर। जिले के लिए मंगलवार का दिन खास रहा। हीरो एशिया कप हॉकी 2025 की ट्रॉफी गौरव यात्रा जब बक्सर पहुंची तो खिलाड़ियों और स्कूली छात्र-छात्राओं में उत्साह देखते ही बन रहा था। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित सभागार में जिलाधिकारी डॉ. विद्या नंद सिंह और डीडीसी आकाश चौधरी ने संयुक्त रूप से ट्रॉफी का अनावरण किया। इस मौके पर महिला और पुरुष हॉकी खिलाड़ी भी मौजूद रहे। 29 अगस्त से 7 सितंबर तक राजगीर के विश्वस्तरीय स्टेडियम में पुरुष एशिया कप का 12वां संस्करण आयोजित होगा। इस मौके पर जिलाधिकारी ने कहा कि यह आयोजन बिहार के लिए गौरव की बात है। राष्ट्रीय खेल दिवस और मेजर ध्यानचंद जयंती के मौके पर यह कार्यक्रम महान खिलाड़ी को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
डीएम डॉ. विद्या नंद सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजनों से खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ता है और नई ऊर्जा मिलती है। बिहार अब खेलों का नया गंतव्य बन रहा है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों और बिहार सरकार को बधाई देते हुए कहा कि एशिया कप जैसे टूर्नामेंट से बक्सर और बिहार के खिलाड़ियों में हौसला और गौरव दोनों बढ़ेगा। हीरो एशिया कप 2025 में एशिया की आठ टीमें हिस्सा लेंगी, जिनमें भारत, चीन, जापान, चीनी ताइपे, मलेशिया, दक्षिण कोरिया, ओमान और बांग्लादेश शामिल हैं। इस टूर्नामेंट का विजेता 2026 में बेल्जियम और नीदरलैंड्स में होने वाले एफआईएच पुरुष हॉकी विश्वकप के लिए सीधे क्वालीफाई करेगा।

ट्रॉफी गौरव यात्रा के दौरान जिलाधिकारी ने हॉकी स्टिक से गेंद को हिट कर यात्रा का शुभारंभ किया। इस मौके पर जिला खेल पदाधिकारी, हॉकी खिलाड़ी और बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। दक्षिण कोरिया अब तक 5 बार खिताब जीतकर सबसे सफल टीम रही है, जबकि भारत और पाकिस्तान 3-3 खिताब जीत चुके हैं। इस बार सबकी निगाहें भारत पर टिकी हैं, खासकर तब जब 2024 में इसी मैदान पर भारत ने महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीता था।