-गुरुवार की सुबह पांच बजे सात माह के बच्चे को ले भागी महिला
बक्सर खबर। स्टेशन पर रहकर जीवन बसर करने वाले खानाबदोश दंपति का बच्चा किडनैप हो गया है। यह घटना गुरुवार की सुबह पांच बजे की है। पति-पत्नी स्टेशन पर सो रहे थे। जब मां की नींद खुली तो उसने देखा बच्चा गायब था। उन लोगों ने चारो तरफ उसकी तलाश की लेकिन वह कहीं नहीं मिला। इसकी सूचना बादशाह ने रेल पुलिस को दी। पूछताछ में उसने बताया कि वह कैमूर जिला के मोहनिया का रहने वाला है। यहां स्टेशन पर रहकर मेहनत मजदूरी व फेरी लगाकर जीवन यापन करता है।
इस संबंध में पूछने पर रेल थाना के प्रभारी अरुण कुमार पासवान ने बताया कि इसकी प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। हम लोग बच्चे का पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं। स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे से पता चला है। बच्चे को कोई महिला उठा रही है। लेकिन, उसका चेहरा साफ नहीं दिखाई दे रहा। हम लोग अपनी तरफ से पूरी कोशिश कर रहे हैं। जिससे बच्चे का पता लगाया जा सके। अगर किसी को इस बारे में कोई जानकारी हो तो रेल पुलिस अथवा मीडिया के माध्यम से हम तक सूचना पहुंचा सकता है। क्योंकि सूत्र इसमें महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर सकते हैं।






























































































