गैस एजेंसियों पर सुबह से लगी लंबी कतारें, प्रशासन ने बढ़ाई निगरानी

0
124

कालाबाजारी रोकने के लिए ओटीपी की अनिवार्यता खत्म, अफवाहों से बचने की अपील                                   बक्सर खबर। मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध का असर अब जिले में रसोई गैस और पेट्रोलियम पदार्थों पर भी देखने को मिल रहा है। शुक्रवार को जिले की प्रमुख गैस एजेंसियों पर सुबह पांच बजे से ही उपभोक्ताओं की भीड़ उमड़ पड़ी। गैस सिलेंडर लेने के लिए लोग लंबी-लंबी कतारों में खड़े दिखाई दिए। स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने गुरुवार से ही सभी गैस एजेंसियों पर दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती कर दी है। उनके देखरेख में प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक गैस का वितरण किया जा रहा है। प्रशासन द्वारा यह व्यवस्था फिलहाल 20 मार्च तक लागू की गई है। हालांकि, भीड़ अधिक होने के कारण कई उपभोक्ताओं को सिलेंडर नहीं मिल पाया और उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा। कतार में खड़े एक उपभोक्ता ने बताया कि मौजूदा हालात को देखते हुए बुकिंग काउंटरों की संख्या बढ़ाई जानी चाहिए। एक ही काउंटर होने के कारण बुकिंग प्रक्रिया में काफी विलंब हो रहा है, जिससे लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।

इधर, जिला प्रशासन ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर स्पष्ट किया है कि जिले में घरेलू रसोई गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और कहीं भी गैस की कमी नहीं है। प्रशासन के अनुसार, अब गैस सिलेंडर की बुकिंग 25 दिन पूरे होने के बाद ही की जाएगी। 25 दिन पूरे होने पर उपभोक्ताओं को बिना किसी परेशानी के दूसरा सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा। उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए फिलहाल गैस वितरण में ओटीपी की अनिवार्यता भी समाप्त कर दी गई है। यानी अगले आदेश तक बुकिंग के बाद बिना ओटीपी के भी उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर मिल सकेगा। प्रशासन ने यह भी चेतावनी दी है कि घरेलू रसोई गैस का उपयोग व्यावसायिक कार्यों में बिल्कुल नहीं किया जाएगा। ऐसा करते पकड़े जाने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। साथ ही गैस की जमाखोरी करने वाले व्यक्ति, एजेंसी या संस्थान के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर भी प्रशासन की कड़ी नजर है। अफवाह फैलाने वालों और कालाबाजारी करने वालों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।

जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन आपसी समन्वय के साथ स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए हुए हैं, ताकि उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। गैस सिलेंडर एवं पेट्रोलियम पदार्थों की जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर और डुमरांव द्वारा सभी गैस एजेंसियों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति कर दी गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here