जिले के चार स्कूलों में अनियमितता, चार प्रधानाध्यापक निलंबित

0
1909

मिड-डे मील, साफ-सफाई और वित्तीय गड़बड़ी पर गिरी गाज                                                                    बक्सर खबर। शिक्षा व्यवस्था की गुणवत्ता को लेकर जिला प्रशासन सख्त नजर आ रहा है। जिले के विभिन्न विद्यालयों में निरीक्षण के दौरान मिली अनियमितताओं के बाद चार प्रभारी प्रधानाध्यापकों को निलंबित कर दिया गया है। इन पर मिड-डे मील संचालन में लापरवाही, पठन-पाठन में उदासीनता, साफ-सफाई की बदहाली और सरकारी राशि के दुरुपयोग जैसे गंभीर आरोप हैं। राजकीय बुनियादी विद्यालय, सरेंजा की प्रभारी प्रधानाध्यापिका प्रीति राय को मिड-डे मील में गड़बड़ी और शिक्षण में रुचि नहीं लेने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। उन्हें बिहार विशिष्ट शिक्षक नियमावली 2023 के तहत निलंबित किया गया है।

कुंवर सिंह मध्य विद्यालय, बक्सर की प्रभारी प्रधानाध्यापक चन्द्रकान्ता कुमारी पर मिड-डे मील, किताब वितरण, शौचालय निर्माण में घालमेल और कम्पोजिट ग्रांट की राशि गबन के गंभीर आरोप लगे हैं। उन्हें बिहार सरकारी सेवक नियमावली 2005 के तहत निलंबित कर दिया गया है। उत्क्रमित उच्च विद्यालय, गोसाईपुर के प्रभारी प्रधानाध्यापक संजय सिंह को विद्यालय में साफ-सफाई और पठन-पाठन की उपेक्षा तथा मिड-डे मील में अनियमितता के चलते विशिष्ट शिक्षक नियमावली 2023 के तहत निलंबित किया गया है। मध्य विद्यालय, हंकारपुर की प्रभारी प्रधानाध्यापिका अनुबाला जयसवाल को ग्रांट के व्यय विवरण नहीं देने, मिड-डे मील में लापरवाही और सफाई नहीं कराने के कारण निलंबित किया गया है। चारों शिक्षकों को जीवन यापन भत्ता नियमानुसार दिया जाएगा, लेकिन निलंबन अवधि में उन्हें प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय में मुख्यालयित रहना होगा। सभी के खिलाफ आरोप पत्र अलग से गठित किए जाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here