गंदगी पर भड़के नियामतुल्लाह फरीदी, घाटों की सफाई व्यवस्था पर मांगी स्थायी समाधान 

0
131

चैती छठ से पहले रामरेखा घाट का निरीक्षण, सफाई, रोशनी, बैरिकेडिंग और शौचालय व्यवस्था दुरुस्त करने के सख्त निर्देश                                                            बक्सर खबर। नगर परिषद चेयरमैन प्रतिनिधि नियामतुल्लाह फरीदी रविवार को शहर के पौराणिक महत्व वाले रामरेखा घाट का निरीक्षण करने पहुंचे, जहां उन्होंने नदी किनारे फैली गंदगी को देखकर कड़ा असंतोष जताया। मौके पर मौजूद सिटी मैनेजर और संबंधित कर्मचारियों को उन्होंने साफ शब्दों में निर्देश दिया कि घाटों पर सफाई व्यवस्था स्थायी रूप से सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पूछा कि नदी किनारे इतनी गंदगी क्यों है, जिस पर कर्मचारियों ने दो सफाई कर्मियों के अनुपस्थित रहने की बात कही। इस पर फरीदी ने नाराजगी जताते हुए कहा कि घाटों पर गंदगी की शिकायतें लगातार मिल रही हैं, जिसका तत्काल और स्थायी समाधान किया जाना चाहिए। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त सफाई कर्मियों की तैनाती की जाए, ताकि गंगा स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

उन्होंने कहा कि नगर परिषद का दायित्व है कि धार्मिक स्थलों, विशेषकर मां गंगा के घाटों की स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए। चैती छठ को देखते हुए भारी संख्या में श्रद्धालु विभिन्न घाटों पर पहुंचते हैं, इसलिए सभी घाटों की साफ-सफाई, अस्थायी चेंजिंग रूम, शौचालय, पर्याप्त रोशनी और सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग की व्यवस्था समय रहते पूरी कर ली जाए।रामरेखा घाट पर चल रहे विकास कार्यों का जायजा लेते हुए उन्होंने विवाह मंडप के पीछे बन रहे पाथवे पर सेड निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करने और इसका विस्तार लाइट एंड साउंड के पीछे की सीढ़ियों तक करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इससे फुटपाथ पर लगने वाली पूजा सामग्री की दुकानों को व्यवस्थित किया जा सकेगा और जाम व अतिक्रमण की समस्या से राहत मिलेगी।

फोटो – विवाह मंडप के पिछे चल रहे कार्य का निरीक्षण करते चेयरमैन प्रतिनिधि नेयामतुल्लाह फरीदी

स्थानीय पुजारियों ने भी घाट पर महिला श्रद्धालुओं के लिए शौचालय की कमी की शिकायत की। इस पर फरीदी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि रामरेखा घाट पर जल्द से जल्द सभी सुविधाओं से युक्त आधुनिक शौचालय का निर्माण कराया जाए, ताकि महिलाओं को असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने स्पष्ट कहा कि चैती छठ जैसे आस्था के पर्व पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सम्मान सर्वोपरि है, इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here