–नदांव में जन सुराज पार्टी का कार्यकर्ता सम्मेलन सम्पन्न बक्सर खबर। जिले के नदांव स्थित प्राचीन शिव मंदिर का प्रांगण गुरुवार को जन सुराज पार्टी के कार्यकर्ताओं के उत्साह और जोश से सराबोर हो उठा। सदर प्रखंड का कार्यकर्ता सम्मेलन यहां धूमधाम से आयोजित किया गया, जिसमें सैकड़ों की संख्या में महिला और पुरुष कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। प्रदेश कार्य समिति सदस्य बजरंगी मिश्रा ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की, जबकि जिला सचिव करुणा निधि दुबे ने कुशल संचालन किया। पार्टी के जिला प्रभारी तथागत हर्षवर्धन ने दूरभाष पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यकर्ता सम्मेलन से कार्यकर्ताओं में नया जोश और उत्साह आता है, जिससे वे और अधिक क्षमता के साथ कार्य कर पाते हैं। उन्होंने पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर के विजन को साझा करते हुए कहा कि उनका सपना बिहार के नौजवानों, महिलाओं और सभी वर्गों के लोगों को शिक्षित और स्वस्थ बनाना है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए पार्टी के कार्यकर्ता घर-घर, मोहल्ले-मोहल्ले और पंचायत स्तर पर लोगों को जागरूक करने का कार्य कर रहे हैं।
प्रदेश कार्य समिति सदस्य बजरंगी मिश्रा ने अपने अध्यक्षीय भाषण में कहा कि प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार हर प्रखंड में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की एकजुटता ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। जिलाध्यक्ष जयराम कुशवाहा और जिला महासचिव अरविंद पांडेय ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। कार्यक्रम में महिलाओं की भारी संख्या में उपस्थिति ने सभी को उत्साहित किया। आशा देवी ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में भृगु नाथ रजक, धन जी पांडे, विजय पाठक, श्रीमन राय, विजय आनंद वर्मा, प्रेम राय, अजय सिंह, जयराम पासवान, बनारसी जी, मनीष उपाध्याय, अरुण सिंह, सुमन देवी, निशा देवी, पूनम देवी, रामेश्वर सिंह, नारायण सिंह, पृथ्वी सिंह, दिलीप सिंह व अन्य लोग शामिल रहे।