बक्सर खबर। रघुनाथपुर स्टेशन पर शनिवार को दर्दनाक दुर्घटना हुई। पटरी पर करने के दौरान एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से मां और उसकी छह माह की बेटी की मौत हो गई। दुर्घटना के वक्त परिवार के अन्य सदस्य भी वहां मौजूद थे। तत्काल उसे अस्पताल ले जाया गया। लेकिन, चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजन शव लेकर घर चले गए। इस वजह से रेल पुलिस को इसकी जानकारी नहीं हुई। इसकी सूचना बक्सर खबर को एक पाठक ने मैसेज भेजकर दी।
रविवार को तस्दीक के क्रम में पता चला महिला का नाम रिंकी देवी उम्र लगभग 25 वर्ष था। उसकी बेटी का नाम पता नहीं चल पाया। वह बगेन थाना के भदवर गांव निवासी मोहन सिंह की पत्नी थी। परिवार के सदस्य सुबह रघुनाथपुर स्टेशन आए थे। उन्हें कानपुर जाना था। इसी बीच वे प्लेटमार्फ नंबर एक पर जाने के लिए वे लोग पटरी पार करने लगे। पहले से वहां माल गाड़ी खड़ी थी। खाली जगह से वे लोग पटरी पार करने के फिराक में थे। इसी बीच अप लाइन में दूसरी टे्रन आ गई। जिसकी चपेट में आने से यह दुर्घटना हो गई।































































































