बक्सर खबर। आज शहर में दो राजनीतिक दलों के कार्यक्रम के कारण सभी सड़के जाम हैं। सबकुछ पता होने के बाद भी प्रशासन इंतजाम नहीं होने के कारण शहर का बुरा हाल है। हम आपको बता दें कि दोपहर दो बजे के लगभग का ताजा हाल यह है कि राजद प्रत्याशी जगदानंद सिंह जिला निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय में अंदर दाखिल हैं। उनके नामांकन पत्र जमा करने की प्रक्रिया चल रही है।
वहीं दूसरी तरफ भाजपा उम्मीदवार अश्विनी चौबे समाहरणालय स्थित जिलाधिकारी के न्यायालय में बैठे हैं। उनका नामांकन अभी शेष है। वहीं इन दोनों से पहले आज निर्दलीय प्रत्याशी के रुप में दिनारा, जिला रोहतास के रहने वाले अरविंद कुमार पांडेय ने निर्दलीय उम्मीदवार के रुप में पर्चा दाखिल किया है। इसके अलावा किला मैदान में आज ही राजद नेता तेजस्वी यादव पहुंचने वाले हैं। उनकी सभा यहां होनी है। जिसका समय दोपहर दो बजे का निर्धारित था।

































































































