– कांग्रेस ने अभी जारी नहीं की है बक्सर व राजपुर की सूची, तीन कार्यकर्ताओं ने खरीदा है फार्म
बक्सर खबर। आनंद मिश्रा पूर्व आईपीएस बक्सर से भाजपा के उम्मीदवार घोषित कर दिए गए हैं। इसकी सूची पार्टी के केन्द्रीय कार्यालय द्वारा अपराह्न चार बजे के लगभग जारी हुई। सूचना पुष्ट होने के साथ ही लोगों ने बधाई देनी शुरू की। और कुछ लोगों से विरोध का स्वर भी सुनने को मिल रहा है। गैर राजनीतिक लोग इसे भाजपा के बेहतर निर्णय भी बता रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस ने भी बक्सर और राजपुर से अभी तक अपने उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है।
इस वजह से राजनीतिक चर्चाओं का बाजार अभी भी थमा नहीं है। रही सही कसर मीडिया के लोग पूरी कर रहे हैं। फला का कटा, फला को मिला, घोषणा बाकी। इस तरह की खबरें बाजार में देखने को मिल रही हैं। इसकी मुख्य वजह दो बड़े गठबंधनों का विलंब से उम्मीदवार तय करना है। जिसकी आड़ में इस तरह भ्रामक खबरें देखने सुनने को मिल रही हैं। आज उसका पटाछेप होने की उम्मीद है। क्योंकि 17 तक ही नामांकन होना है। सिर्फ दो दिन शेष बचे हैं।






























































































