–वार्ड पार्षद प्रतिनिधि विजय राजभर ने बांटी राहत सामग्री बक्सर खबर। गंगा में आई भीषण बाढ़ ने जिले के दो दर्जन गांवों को अपनी चपेट में ले लिया है। शहर के भी कुछ इलाके इस बार पानी की मार से नहीं बच सके। वार्ड नंबर 16 के सती घाट और गोलाघाट इलाका आंशिक रूप से प्रभावित हुआ है, जहां करीब 32 घरों में बाढ़ का पानी घुस गया है। ऐसे में गुरुवार को स्थानीय वार्ड पार्षद प्रतिनिधि विजय राजभर ने बाढ़ पीड़ित परिवारों की मदद के लिए राहत सामग्री का वितरण किया।
राहत सामग्री में चावल, आटा, आलू, सरसों का तेल, मसाले और नमक जैसे जरूरी सामान शामिल थे। सभी चीजें एक पैकेट में बांधकर जरूरतमंदों के बीच वितरित की गईं। इस अवसर पर वार्ड के कई स्थानीय लोग भी मौजूद रहे, जिनमें दीपक गुप्ता, कृष्णा जायसवाल, गोपाल शर्मा, बड़े ठाकुर, चंदन गुप्ता, सुरेश गुप्ता, संतोष गुप्ता और गोविंद जायसवाल शामिल हैं। सभी ने मिलकर वितरण कार्य को सहज और व्यवस्थित ढंग से पूरा किया। बाढ़ के हालात को देखते हुए जिला प्रशासन भी राहत पहुंचाने में सक्रिय है। प्रशासन द्वारा भी बाढ़ प्रभावित इलाकों में सूखा अनाज, प्लास्टिक शीट व अन्य आवश्यक सामग्री वितरित की जा रही है।